Spain Migration Crisis Explainer: यूरोप की चमकदार जिंदगी, बेहतर रोजगार और सुरक्षित भविष्य का सपना दुनिया के कई गरीब देशों के लोगों को स्पेन की ओर खींचता है. लेकिन इस सपने तक पहुंचने का रास्ता कई बार इतना खतरनाक हो जाता है कि मंजिल देखने से पहले ही लोगों की सांसें थम जाती हैं. हाल ही में कैनरी आइलैंड के पास एक नाव में आठ प्रवासियों के शव मिलने की घटना ने एक बार फिर इस संकट की ओर दुनिया का ध्यान खींचा है.
सवाल है कि जब स्पेन यूरोप का एक विकसित देश है और वहां पहुंचने के कानूनी रास्ते मौजूद हैं, तो हजारों लोग अपनी जान दांव पर लगाकर समुद्र का रास्ता क्यों चुनते हैं?
स्पेन के कैनरी आइलैंड के पास करीब 100 प्रवासियों से भरी एक नाव मिली, जिसमें आठ लोगों की मौत हो चुकी थी. छह अन्य लोगों की हालत इतनी गंभीर थी कि उन्हें हेलिकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाना पड़ा. यह नाव एल हिएरो द्वीप से करीब 39 नॉटिकल मील यानी 72 किलोमीटर दूर मिली. कैनरी आइलैंड के क्षेत्रीय प्रमुख फर्नांडो क्लाविजो ने इस घटना पर दुख जताया और स्पेन सरकार तथा यूरोपीय आयोग से तत्काल कदम उठाने की मांग की.
अफ्रीका के कई देशों में गरीबी, बेरोजगारी और बेहतर भविष्य की तलाश लोगों को अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर करती है. स्पेन यूरोप का ऐसा देश है, जहां पहुंचने के बाद प्रवासियों को रोजगार और बेहतर जीवन की उम्मीद दिखाई देती है. यूरोप के दूसरे देशों तक पहुंचने की संभावना भी उन्हें आकर्षित करती है. हालांकि, कानूनी वीजा और प्रवेश की प्रक्रिया अलग है. हर व्यक्ति के लिए स्पेन पहुंचना आसान या सस्ता नहीं होता. यही वजह है कि कुछ लोग खतरनाक समुद्री रास्ते चुन लेते हैं.
स्पेन की भौगोलिक स्थिति प्रवासियों के लिए बेहद अहम है. इसका एक हिस्सा अफ्रीकी तट के करीब है. कैनरी आइलैंड अटलांटिक महासागर में अफ्रीका के उत्तर-पश्चिमी तट के पास स्थित हैं. दूसरी ओर, सेउटा अफ्रीकी महाद्वीप में मौजूद स्पेन का क्षेत्र है, जो सीधे मोरक्को की सीमा से लगा हुआ है. इस भौगोलिक स्थिति के कारण अफ्रीका से यूरोप पहुंचने की कोशिश करने वाले लोगों के लिए ये इलाके प्रमुख प्रवेश मार्ग बन गए हैं.
सेउटा के आसपास मोरक्को और स्पेन के बीच जमीन पर सीमा सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं. इसके बावजूद कुछ प्रवासी समुद्र के रास्ते यहां पहुंचने की कोशिश करते हैं. मोरक्को के फ्निडेक और बेल्योनेच जैसे इलाकों से लोग तैरकर स्पेनिश क्षेत्र में प्रवेश करने का प्रयास करते हैं. ताराजल और बेंजू के तटीय इलाके भी इस लिहाज से अहम हैं. कई रिपोर्ट की मानें तो मई 2021 में महज दो दिनों के भीतर 8,000 से अधिक प्रवासी सेउटा पहुंच गए थे.
स्पेन की अहमियत सिर्फ इसलिए नहीं है कि वह यूरोप के दक्षिण-पश्चिम में स्थित है. वह शेंगेन क्षेत्र का हिस्सा भी है. इस व्यवस्था के तहत सदस्य देशों के बीच सामान्य परिस्थितियों में आंतरिक सीमा जांच के बिना यात्रा की सुविधा मिलती है. यही कारण है कि स्पेन पहुंचने के बाद कुछ प्रवासी यूरोप के दूसरे देशों में बेहतर अवसर तलाशने की उम्मीद करते हैं.
स्पेन में प्रवासियों की बढ़ती संख्या के बीच आव्रजन का मुद्दा राजनीति में भी महत्वपूर्ण हो गया है. 25 नवंबर को एक ही दिन में कैनरी आइलैंड पर 2,100 प्रवासियों के पहुंचने की जानकारी सामने आई. इनमें बड़ी संख्या एल हिएरो द्वीप पहुंचने वालों की थी, जिसकी आबादी करीब 11,400 है. रविवार, 29 नवंबर को होने वाले आम चुनाव से पहले आव्रजन के साथ आवास की बढ़ती कीमतें और भ्रष्टाचार के आरोप भी चर्चा में हैं. इस मुद्दे पर राजनीतिक दलों के बीच मतभेद गहरे हैं.