नई दिल्ली: अमेरिका में थैंक्सगिविंग वीक चल रहा है. इस दौरान यहां पर तूफान ने भारी तबाही मचा दी है. देश के पूर्वी हिस्सों में तेज हवाओं, भारी बारिश और समुद्र के पानी का स्तर बढ़ने से जनजीवन की खुशियों के बीच एक तूफान ने भारी तबाही मचा दी है. देश के पूर्वी हिस्सों में तेज हवाओं, भारी बारिश और समुद्र के पानी का स्तर बढ़ने से जनजीवन प्रभावित हुआ है. लाखों लोगों की यात्रा योजनाएं बिगड़ गई हैं. कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, जबकि सैकड़ों उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं.
तूफान का सबसे ज्यादा असर अमेरिका के मध्य-पश्चिम और उत्तर-पूर्वी इलाकों में देखने को मिला. बिजली कटौती पर नजर रखने वाली वेबसाइट पावरआउटेज के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार शाम तक करीब 9 लाख उपभोक्ताओं के घरों और कारोबारों में बिजली नहीं थी. पेंसिल्वेनिया, वर्जीनिया और मिसूरी सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में शामिल रहे. अलग-अलग मीडिया रिपोर्टों में वर्जीनिया में करीब 1.5 से 2 लाख और मैरीलैंड में लगभग 1.77 लाख उपभोक्ताओं के प्रभावित होने की जानकारी दी गई.
पूर्वी तट पर हवाओं की रफ्तार 112 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई. तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हुई. डेलावेयर, न्यू जर्सी और दक्षिण-पूर्वी पेंसिल्वेनिया में भी भारी नुकसान की खबरें सामने आईं.
तूफान ने हवाई यात्रा पर भी बड़ा असर डाला है. फ्लाइटअवेयर के अनुसार, गुरुवार को अमेरिका में 350 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं, जबकि करीब 700 उड़ानों में देरी हुई. इससे हजारों यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा. अमेरिकी ऑटोमोबाइल एसोसिएशन (AAA) के मुताबिक, थैंक्सगिविंग के आसपास सात दिनों में करीब 8.15 करोड़ अमेरिकी कम से कम 50 मील की यात्रा करने वाले थे. ऐसे में खराब मौसम ने छुट्टियों के दौरान यात्रा करने वालों की परेशानी बढ़ा दी है.
राष्ट्रीय मौसम सेवा ने पूर्वी तट के कई इलाकों में भारी बारिश, तेज हवाओं और तटीय बाढ़ को लेकर चेतावनी जारी की है. इंटरस्टेट-95 हाईवे कॉरिडोर में 50 मील प्रति घंटे या उससे अधिक रफ्तार की हवाएं चलने की आशंका जताई गई. हालात को देखते हुए न्यू जर्सी के गवर्नर ने आपातकाल घोषित कर दिया है. न्यूयॉर्क के कुछ हिस्सों में भी एहतियाती कदम उठाए गए हैं.
फिलहाल खराब मौसम के कारण बिजली आपूर्ति, हवाई सेवाओं और सड़क यातायात पर असर बना हुआ है. प्रशासन ने लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है.