नई दिल्ली: हम दिनभर में कई बार घड़ी देखते हैं, लेकिन शायद ही कभी सोचते हैं कि इसकी सुइयां लगातार कैसे चलती रहती हैं. घड़ी को कैसे पता चलता है कि एक सेकंड या एक मिनट पूरा हो गया है? दरअसल, घड़ी के अंदर एक खास तकनीक काम करती है, जो समय की गिनती करती रहती है. आमतौर पर घड़ियां दो तकनीकों- क्वार्ट्ज और मैकेनिकल पर काम करती हैं.
आजकल घरों और हाथों में इस्तेमाल होने वाली ज्यादातर सामान्य घड़ियां क्वार्ट्ज तकनीक पर आधारित होती हैं. इनमें एक छोटी बैटरी लगी होती है, जो घड़ी के अंदर मौजूद क्वार्ट्ज क्रिस्टल को बिजली देती है. बिजली मिलने पर यह क्रिस्टल एक निश्चित गति से कंपन करने लगता है.
आमतौर पर क्वार्ट्ज क्रिस्टल एक सेकंड में 32,768 बार कंपन करता है. घड़ी के अंदर लगा इलेक्ट्रॉनिक सर्किट इन कंपनों की गिनती करता है. जब तय संख्या पूरी हो जाती है, तो सर्किट एक इलेक्ट्रिक सिग्नल मोटर को भेजता है. मोटर और गियर्स की मदद से घड़ी की सुई आगे बढ़ जाती है. इसी प्रक्रिया के लगातार दोहराए जाने से घड़ी समय बताती रहती है.
मैकेनिकल घड़ियां क्वार्ट्ज घड़ियों से अलग तरीके से काम करती हैं. इन्हें चलाने के लिए बैटरी की जरूरत नहीं होती. इनमें स्प्रिंग या पेंडुलम से ऊर्जा मिलती है. घड़ी के अंदर कई छोटे-छोटे दांतेदार पहिए यानी गियर्स लगे होते हैं.
ये एक-दूसरे से जुड़े रहते हैं और नियमित गति से घूमते हैं. इसी गति के कारण घड़ी की सुइयां आगे बढ़ती हैं. पुरानी दीवार घड़ियों और कुछ महंगी कलाई घड़ियों में इस तरह की व्यवस्था देखने को मिलती है.
दिलचस्प बात यह है कि घड़ी को खुद से सही समय का पता नहीं होता. उसे पहले सही समय के अनुसार सेट करना पड़ता है. इसके बाद वह अपनी नियमित गिनती के आधार पर समय बताती रहती है. जब सेकंड की सुई 60 कदम पूरे करती है, तो मिनट की सुई एक मिनट आगे बढ़ती है. इसी तरह 60 मिनट पूरे होने पर घंटे की सुई एक घंटा आगे बढ़ जाती है.
वहीं, मोबाइल और स्मार्टवॉच नेटवर्क या इंटरनेट की मदद से अपना समय अपने आप ठीक कर सकती हैं. सामान्य घड़ियों को जरूरत पड़ने पर खुद सेट करना पड़ता है. यानी घड़ी समय को पहचानती नहीं, बल्कि एक तय तकनीक से उसकी लगातार गिनती करती रहती है.