menu-icon
India Daily

‘बाल भी बांका हुआ तो तारिक रहमान होंगे जिम्मेदार…’ शेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश को अमेरिकी अधिकारी की चेतावनी

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी को लेकर दक्षिण एशिया की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. अब इस मामले में अमेरिका के रक्षा विभाग (पेंटागन) के पूर्व अधिकारी माइकल रुबिन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है.

Shilpa Shrivastava
‘बाल भी बांका हुआ तो तारिक रहमान होंगे जिम्मेदार…’ शेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश को अमेरिकी अधिकारी की चेतावनी
Courtesy: X

नई दिल्ली: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी को लेकर दक्षिण एशिया की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. अब इस मामले में अमेरिका के रक्षा विभाग (पेंटागन) के पूर्व अधिकारी माइकल रुबिन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बांग्लादेश की तारिक रहमान सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर शेख हसीना को किसी तरह का नुकसान पहुंचता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बांग्लादेश सरकार की होगी.

रुबिन ने भारत से भी अपील की है कि वह इस मामले में अपने रुख पर मजबूती से कायम रहे और बांग्लादेश के साथ कोई ऐसा समझौता न करे जिससे शेख हसीना की सुरक्षा प्रभावित हो. उनके इस बयान के बाद भारत, बांग्लादेश और अमेरिका के बीच इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

माइकल रुबिन ने तारिक रहमान सरकार को क्या चेतावनी दी?

न्यूयॉर्क में बांग्लादेश का भविष्य विषय पर एक सेमिनार आयोजित किया गया था, जिसमें माइकल रुबिन ने शेख हसीना की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान और दूसरे अधिकारियों को पहले से साफ संदेश दे दिया गया है कि अगर हसीना को कई नुकसान पहुंचता है तो इसके लिए बांग्लादेश की सरकार जिम्मेदार होगी.

उन्होंने अमेरिका के राजदूत और दूसरे देशों के राजनयिकों से भी अपील की कि वे यह मैसेज बांग्लादेश सरकार तक पहुंचाएं. इस कार्यक्रम में शेख हसीना को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था. हालांकि, भारत में रह रहीं हसीना ने इसमें ऑनलाइन हिस्सा लिया.

16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की तैयारी में शेख हसीना:

शेख हसीना ने 16 दिसंबर 2026 को बांग्लादेश के विजय दिवस के मौके पर स्वदेश लौटने की योजना घोषित की है. वह अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता छोड़कर भारत आ गई थीं. तब से वह भारत में रह रही हैं. हसीना ने बांग्लादेश सरकार से अनुरोध किया है कि उन्हें दिल्ली से ढाका लाने के लिए सरकारी विमान की व्यवस्था की जाए. 

उनके प्रवक्ता के मुताबिक, वह उसी विमान से वापस लौटना चाहती हैं, जिससे अगस्त 2024 में उन्हें बांग्लादेश से भारत लाया गया था. हालांकि, उनकी वापसी की तारीख घोषित होने का मतलब यह नहीं है कि वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गई है. बांग्लादेश सरकार ने साफ किया है कि वह उन्हें प्रत्यर्पण प्रक्रिया के तहत ही वापस लाना चाहती है.

भारत के सामने भी कूटनीतिक चुनौती:

इस पूरे मामले में भारत की भूमिका काफी महत्वपूर्ण हो गई है. एक तरफ बांग्लादेश सरकार शेख हसीना को वापस चाहती है, तो दूसरी तरफ भारत में उनकी मौजूदगी दोनों देशों के रिश्तों को प्रभावित कर सकती है. माइकल रुबिन ने भारत को सलाह दी है कि वह शेख हसीना की सुरक्षा के मुद्दे पर किसी दबाव में न आए. हालांकि, भारत के लिए यह मामला केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि कानूनी और कूटनीतिक पहलुओं से भी जुड़ा हुआ है.