भारत के 17 वर्षीय राहुल जॉन अजू इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं. इसकी वजह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ उनकी सेल्फी है. राहुल ने रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित AI जर्नी कॉन्फ्रेंस के दौरान पुतिन से मुलाकात की. इस दौरान उन्हें रूसी राष्ट्रपति से बातचीत करने का मौका भी मिला. राहुल ने जब पुतिन से सेल्फी लेने की इच्छा जताई तो उन्होंने इसके लिए हामी भर दी.
राहुल को 'AI Kid of India' के नाम से जाना जाता है. वह कोच्चि की एक कंपनी के संस्थापक और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (CTO) हैं. पुतिन से मुलाकात के बाद राहुल ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने लिखा कि वह अब भी इस खास पल को समझने की कोशिश कर रहे हैं. बचपन में मनोरंजन के लिए वीडियो बनाने से लेकर 17 साल की उम्र में राष्ट्रपति पुतिन से मिलने तक का सफर उनके लिए किसी सपने से कम नहीं है.
राहुल ने कहा कि उन्हें अभी बहुत कुछ सीखना और करना है. उन्होंने अपनी इस यात्रा में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार भी जताया.
राहुल कई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्रोजेक्ट पर काम कर चुके हैं. इनमें ThinkCraft, RESQ AI, JustEase, NyayaSathi और Project 47X शामिल हैं. ThinkCraft एक AI आधारित लर्निंग प्लेटफॉर्म है, जबकि Project 47X का उद्देश्य कानूनी जानकारी को आम लोगों के लिए आसान बनाना है.
भारत में रूसी दूतावास ने भी राहुल की पुतिन के साथ मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. दूतावास के मुताबिक, राहुल उन युवा AI प्रतिभाओं में शामिल थे, जिन्हें रूस और कजाखस्तान के राष्ट्रपतियों से मिलने का अवसर मिला. दूतावास ने उन्हें भारतीय स्कूली छात्र बताते हुए पुतिन के साथ उनकी सेल्फी का भी जिक्र किया.
🇷🇺🇮🇳 During a meeting with Russian President Vladimir Putin, Indian schoolboy Raul John Aju, who created the ThinkCraft platform, took a selfie with the Russian leader. Raul was among the young AI talents who met with the Presidents of #Russia and Kazakhstan. ©️ Kremlin. News https://t.co/QN9unnK8Gl
— Russia in India 🇷🇺 (@RusEmbIndia) November 27, 2026
AI जर्नी कॉन्फ्रेंस का आयोजन 26 से 28 नवंबर 2026 तक मॉस्को में किया जा रहा है. इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के समाज, कारोबार और विज्ञान पर पड़ने वाले प्रभावों पर चर्चा हो रही है.
26 नवंबर को सम्मेलन के मुख्य सत्र में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और कजाखस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव भी शामिल हुए. इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत, रूस, कजाखस्तान, चीन, सर्बिया और ब्राजील समेत कई देशों के 300 से अधिक विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं.