Kerala Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 Assam Assembly Election 2026

अमेरिका में दिनदहाड़े लूट, नकाबपोश लुटेरों ने भारतीय परिवार के ज्वेलरी शॉप से 16 करोड़ रुपये के गहने लेकर हुए फरार; देखें वीडियो

अमेरिका के फ्रीमोंट शहर में भारतीय मूल के परिवार की ज्वेलरी दुकान में नकाबपोश गैंग ने महज एक मिनट में करीब 16 करोड़ रुपये के गहने लूट लिए. पुलिस ने चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है जबकि कई आरोपी अभी भी फरार हैं.

@CollinRugg X account
Km Jaya

नई दिल्ली: अमेरिका के फ्रेमोंट शहर में एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई है. यहां भारतीय मूल के परिवार की ज्वेलरी दुकान पर नकाबपोश लुटेरों के एक गैंग ने हमला कर करीब 16 करोड़ रुपये के गहने लूट लिए. यह पूरी वारदात महज एक मिनट से थोड़ा अधिक समय में अंजाम दी गई.

यह घटना पिछले साल 18 जून को हुई थी. लुटेरों ने कुमार ज्वेलर्स नाम की ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाया. यह दुकान एक भारतीय अमेरिकी परिवार की है. घटना का वीडियो अब सामने आया है जिसे अमेरिकी न्याय विभाग ने जारी किया है.

वीडियो में क्या आया सामने?

वीडियो में देखा जा सकता है कि कई नकाबपोश लोग हथौड़े और अन्य औजार लेकर दुकान में घुसते हैं. उन्होंने बेहद तेजी से कांच के शोकेस तोड़े और उनमें रखे सोने और हीरे के गहने बैग में भर लिए. पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि दुकान के कर्मचारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

रिपोर्ट के अनुसार इस लूट में करीब 75 से 80 प्रतिशत स्टोर का स्टॉक चोरी हो गया. लुटेरे वारदात के बाद अलग अलग दिशाओं में भाग निकले. उन्होंने भागने के लिए चोरी की गाड़ियों का इस्तेमाल किया जिससे पुलिस के लिए उन्हें पकड़ना और भी मुश्किल हो गया.

पुलिस ने संदिग्धों को कैसे किया गिरफ्तार?

घटना के बाद पुलिस ने एक कार का पीछा किया जो काली Acura थी. इस दौरान आरोपी तेज रफ्तार से कई रिहायशी इलाकों से गुजरे. रिपोर्ट के अनुसार गाड़ी की गति करीब 80 मील प्रति घंटे तक पहुंच गई थी और आरोपी कई जगह ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हुए भागते रहे.

पुलिस ने पीछा करने के बाद चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया. इनमें 19 से 20 साल के युवक शामिल हैं जिनके नाम अफातुपेतैकी फासिसिला, जोस हेराडा एरागोन, एंड्रेस पालेस्टिनो और टॉम पार्कर डोनेगन बताए गए हैं. हालांकि बाद में इनमें से दो को रिहा कर दिया गया और बाकी कई आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं.

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. कई लोगों ने अमेरिका में बढ़ती ऐसी लूट की घटनाओं को लेकर चिंता जताई है. फिलहाल पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है.