नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट किया है. इसमें उन्होंने कहा है कि ISIS में दुनिया भर में दूसरे नंबर का कमांडर अबू-बिलाल अल-मिनुकी को उनके कहने पर मारा गया है. ट्रंप ने पोस्ट किया, "आज रात, मेरे निर्देश पर, बहादुर अमेरिकी सेनाओं और नाइजीरियाई सशस्त्र बलों ने दुनिया के सबसे सक्रिय आतंकवादी को युद्ध के मैदान से खत्म करने के लिए एक बहुत ही बारीकी से प्लान किए गए और बेहद मुश्किल मिशन को बिना किसी गलती के अंजाम दिया."
उन्होंने आगे कहा, "ISIS में दुनिया भर में दूसरे नंबर का कमांडर अबू-बिलाल अल-मिनुकी सोचता था कि वह अफ्रीका में छिप सकता है, लेकिन उसे जरा भी अंदाजा नहीं था कि हमारे पास ऐसे सूत्र थे जो हमें लगातार बताते रहते थे कि वह क्या कर रहा है."
रिपोर्ट्स के अनुसार, अबू-बिलाल अल-मिनुकी एक हाई-रैंकिंग वाला आतंकवादी ऑपरेटिव था, जिसने ISIS में सेकंड-इन-कमांड के तौर पर काम किया है. इसे अबू बक्र इब्न मुहम्मद इब्न अली अल-मैनुकी के नाम से भी जाना जाता था. ऐसी भी खबरें सुनने में आती हैं कि अल-मैनुकी मुख्य रूप से अफ्रीका के साहेल क्षेत्र में एक्टिव था, जो 12 देशों में फैला हुआ है.
बता दें कि साहेल अफ्रीका का एक सेमी-एरिड ट्रांजिशनल जोन है, जो अटलांटिक महासागर से लेकर लाल सागर तक, पूरे महाद्वीप में 5,900 किलोमीटर तक फैला हुआ है. यह क्षेत्र मुख्य रूप से सेनेगल, मॉरिटानिया, माली, बुर्किना फासो, नाइजर, नाइजीरिया, चाड और सूडान तक फैला हुआ है; जबकि विस्तार के तौर पर इसमें गाम्बिया, गिनी, कैमरून और इरिट्रिया भी शामिल हैं.
रिपोर्ट्स में आगे यह भी बताया गया कि अल-मिनुकी ने इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस के लिए वरिष्ठ कमांडर के तौर पर काम किया. वहीं, ISIS के जनरल डायरेक्टरेट ऑफ प्रोविंसेस के लेक चाड डिवीजन के अभियानों का निर्देशन किया.