नई दिल्ली: इजराइल ने गाजा पट्टी में हमास के शीर्ष सैन्य कमांडर को हवाई हमले के जरिए सीधे तौर पर निशाना बनाया. हालांकि दोनों पक्षों के बीच संघर्ष विराम लागू है, फिर भी इजराइल ने गाजा पर हमले जारी रखे हैं. इस खतरनाक हमले के बाद पूरे पश्चिम एशिया क्षेत्र में एक बार फिर तनाव का माहौल छा गया है.
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को गाजा में इजराइली हवाई हमले में हमास की सैन्य शाखा के एक नेता को निशाना बनाया गया था. हालांकि यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया कि इज अल-दीन अल-हद्दाद मारा गया या घायल हुआ. हमास ने न तो इस हमले की पुष्टि की है और न ही इस पर कोई टिप्पणी की है.
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि अल-हद्दाद, जो हमास की कसम ब्रिगेड का एक नेता था, शुक्रवार शाम को सेना द्वारा किए गए हवाई हमले का निशाना था. शुक्रवार शाम को गाजा शहर में इजराइल द्वारा कम से कम दो हमले किए गए, जिनमें से एक के बारे में इजराइल ने दावा किया कि उसका मकसद विशेष रूप से अल-हद्दाद को निशाना बनाना था.
एक हमले में एक रिहायशी इमारत को निशाना बनाया गया, जबकि दूसरे में एक वाहन को. फिलिस्तीन रेड क्रिसेंट सोसाइटी के सराया फील्ड अस्पताल और शिफा अस्पताल जहां घायलों को लाया गया था. उसके स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार सात लोग मारे गए और दर्जनों अन्य घायल हो गए. एक बयान में नेतन्याहू और काट्ज ने जोर देकर कहा कि अल-हद्दाद 7 अक्टूबर के हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक था.
अक्टूबर में हुए कमजोर संघर्ष विराम समझौते के बावजूद गाजा में इजराइल की गोलीबारी लगभग हर दिन जारी है. गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार तब से अब तक 850 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय गाजा की हमास-शासित सरकार का हिस्सा है फिर भी इसमें ऐसे चिकित्सा पेशेवर काम करते हैं जो विस्तृत रिकॉर्ड रखते हैं और प्रकाशित करते हैं. जिन्हें अंतरराष्ट्रीय समुदाय आम तौर पर विश्वसनीय मानता है.
नेतन्याहू और काट्ज ने धमकी दी है कि इजरायल 7 अक्टूबर के हमले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगा, जिसमें आतंकवादियों ने लगभग 1,200 लोगों को मार डाला था. हमास के 2023 के हमले के जवाब में इजरायल द्वारा शुरू किए गए हमले के बाद से गाज़ा में 72,700 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं.