अमेरिका के सभी एयरपोर्ट पर अचानक फ्लाइट्स बंद, 7000 उड़ानों पर असर, जानें क्या है बड़ी वजह?
अमेरिका में शुक्रवार को हवाई यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. देशभर के एयरपोर्ट पर अचानक फ्लाइट्स रोकने का आदेश जारी कर दिया गया.
नई दिल्ली: अमेरिका में शुक्रवार को हवाई यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. देशभर के एयरपोर्ट पर अचानक फ्लाइट्स रोकने का आदेश जारी कर दिया गया. इसकी वजह एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर में आई टेलीकम्युनिकेशन (संचार) की तकनीकी खराबी बताई गई है. अमेरिका के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने देश के सभी एयरपोर्ट के लिए ग्राउंड स्टॉप जारी किया. इसका मतलब है कि सुरक्षा कारणों से विमानों की उड़ान अस्थायी रूप से रोक दी गई.
कम्युनिकेशन से जुड़ी समस्या आई सामने:
अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि देशभर के एयर रूट ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर में कम्युनिकेशन से जुड़ी समस्या सामने आई है. FAA के तकनीकी विशेषज्ञ इस खराबी को ठीक करने में जुटे हैं.
Also Read
FAA के मुताबिक, यह एक अस्थायी टेलीकम्युनिकेशन आउटेज था. यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी उड़ानों को रोका गया. एजेंसी ने यह भी साफ किया कि सभी विमानों का पता लगा लिया गया है. अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को स्थिति के अनुसार अनुमति दी जाएगी. फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म फ्लाइटअवेयर के अनुसार, इस तकनीकी खराबी के कारण अमेरिका में करीब 7,000 उड़ानें देरी से चलीं या रद्द करनी पड़ीं. इससे हजारों यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई.
22 क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों पर पड़ा असर:
अमेरिकी परिवहन सचिव सीन डफी के मुताबिक, संचार व्यवस्था में आई गड़बड़ी का असर देश के 22 क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों पर पड़ा. ये केंद्र अलग-अलग एयरपोर्ट के बीच उड़ान भरने वाले विमानों को दिशा-निर्देश देते हैं. FAA के तकनीशियन खराबी की वजह का पता लगाने में जुटे हैं.
अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के प्रमुख मार्कवेन मुलिन ने बताया कि इस स्थिति की जानकारी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दे दी गई थी. उन्होंने यात्रियों को घबराने की जरूरत नहीं होने की बात कही. प्रशासन के अनुसार, सभी विमानों का रिकॉर्ड रखा गया था.
तकनीकी अपडेट के कारण क्रैश हुआ सिस्टम:
रिपोर्ट के मुताबिक, इस परेशानी की वजह एक तकनीकी अपडेट का फेल होना था. एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों को जोड़ने वाली कंपनी L3Harris के सिस्टम में अपडेट के बाद FAA का टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम रीबूट हुआ और दोबारा चालू होते ही क्रैश कर गया.
तीन साल बाद फिर रुकीं सभी उड़ानें:
जनवरी 2023 के बाद यह पहली बार था, जब अमेरिका में सभी उड़ानों को एक साथ रोकना पड़ा. इससे पहले 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद भी पूरे देश में हवाई यातायात बंद किया गया था.
अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल की पुरानी तकनीक को आधुनिक बनाने का काम चल रहा है. इसके लिए कांग्रेस पहले ही 12.5 अरब डॉलर मंजूर कर चुकी है. हालांकि, परिवहन सचिव सीन डफी के अनुसार, इस परियोजना को पूरा करने के लिए 30 अरब डॉलर की अतिरिक्त जरूरत है.