यूपी चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी BJP, योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं और युवाओं पर फोकस करने के दिए निर्देश

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी नेताओं के साथ बैठक की. उन्होंने महिला और युवा मतदाताओं पर ध्यान देने, संगठन में तालमेल और मतदान सुनिश्चित करने पर जोर दिया.

X
Sagar Bhardwaj

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ उच्चस्तरीय बैठक की. इसमें बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए.

बैठक में योगी आदित्यनाथ ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को महिला और युवा मतदाताओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच एकजुटता और बेहतर तालमेल जरूरी है. उन्होंने सभी वर्गों के मतदाताओं तक पहुंच बनाने पर भी जोर दिया.

दूसरे राज्यों में रहने वाले मतदाताओं को यूपी बुलाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि उत्तर प्रदेश के जो लोग दूसरे राज्यों में रहते हैं, उन्हें विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान करने के लिए वापस लाया जाए. साथ ही जिन पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनके नाम जुड़वाने के प्रयास किए जाएं.


1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम कटने का दावा

यह बैठक योगी आदित्यनाथ के उस दावे के बीच हुई, जिसमें उन्होंने कहा था कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बाद मतदाता सूची से 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं. उन्होंने यह भी दावा किया था कि मुस्लिम मतदाताओं की आबादी में 1.63 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. मुख्यमंत्री के मुताबिक, बीजेपी इस मुद्दे को चुनाव आयोग के सामने उठाएगी.

अखिलेश यादव ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर लगाए आरोप

योगी के इस बयान पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सवाल उठाए हैं. उन्होंने पूछा कि मुख्यमंत्री को कैसे पता चला कि 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं. अखिलेश ने बीजेपी और चुनाव आयोग के बीच मिलीभगत का आरोप भी लगाया.

शुक्रवार को लखनऊ में मीडिया से बातचीत में अखिलेश ने मुख्यमंत्री के बयान को लोगों में डर फैलाने की कोशिश बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत दूसरे राज्यों के लोगों को उत्तर प्रदेश में मतदाता के रूप में दर्ज कराने की योजना बना रही है.

मतदान केंद्रों पर पुख्ता व्यवस्था की मांग

अखिलेश यादव ने आशंका जताई कि मतदान केंद्र के अंदर उपलब्ध मतदाता सूची और बाहर लगी सूची में अंतर हो सकता है. इससे वास्तविक मतदाताओं को वोट डालने से रोका जा सकता है. उन्होंने मांग की कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर ऐसी पुख्ता व्यवस्था हो, जिससे किसी भी पात्र मतदाता को मतदान के अधिकार से वंचित न किया जाए.