menu-icon
India Daily

लंदन के पास दो यात्री ट्रेनों की भीषण टक्कर, दो की मौत और दर्जनों यात्री घायल; देखें वीडियो

ब्रिटेन में शुक्रवार शाम एक बड़ा रेल हादसा हो गया. लंदन के उत्तर में बेडफोर्ड के पास दो यात्री ट्रेनें आपस में टकरा गईं. हादसे में एक ट्रेन चालक की मौत हो गई, जबकि कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
लंदन के पास दो यात्री ट्रेनों की भीषण टक्कर, दो की मौत और दर्जनों यात्री घायल; देखें वीडियो
Courtesy: X (@triffic_stuff_)

ब्रिटेन में शुक्रवार को एक दर्दनाक रेल दुर्घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया. लंदन के उत्तर में स्थित बेडफोर्ड क्षेत्र के पास दो यात्री ट्रेनें एक ही ट्रैक पर टकरा गईं, जिससे एक ट्रेन चालक की जान चली गई और दर्जनों यात्री घायल हो गए. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए.

मिली जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रेनें लंदन के प्रमुख रेलवे स्टेशन सेंट पैनक्रास की ओर जा रही थीं. शाम करीब 5:15 बजे अचानक दोनों ट्रेनों की टक्कर हो गई. दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर आगे जा गिरे.

यात्रियों ने सुनाई भयावह आपबीती

हादसे में बच निकले यात्रियों ने दुर्घटना के डरावने मंजर का वर्णन किया. एक यात्री ने बताया कि टक्कर इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला. लोगों की चीख-पुकार और धुएं के बीच कई यात्री घायल अवस्था में फंसे हुए थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ यात्रियों के हाथ-पैर टूट गए थे, जबकि कई लोगों के शरीर से खून बह रहा था. कई घायल यात्री सदमे की स्थिति में थे और बोलने तक में असमर्थ दिखाई दे रहे थे. हादसे के बाद यात्रियों ने किसी तरह ट्रेन से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने की कोशिश की. दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाएं सक्रिय हो गईं. अधिकारियों ने इस घटना को मेजर इंसीडेंट घोषित करते हुए व्यापक स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया.

हादसे की जांच में जुटी टीम

हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने लंदन सेंट पैनक्रास आने-जाने वाली कई रेल सेवाओं को रद्द कर दिया. अधिकारियों ने कहा कि राहत और जांच कार्य पूरा होने तक रेल संचालन सामान्य होने में समय लग सकता है. रेलवे कंपनी के अनुसार, कोर्बी से लंदन जा रही एक ट्रेन और नॉटिंघम से सेंट पैनक्रास की ओर जा रही दूसरी ट्रेन के बीच यह दुर्घटना हुई. हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और विशेषज्ञ टीम तकनीकी तथा परिचालन संबंधी पहलुओं की पड़ताल कर रही है. रेलवे कर्मचारियों के संगठन ने घटना पर चिंता जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है. साथ ही दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष जांच की मांग भी की गई है.