पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में 17 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और टिकटॉक स्टार सना यूसुफ की उनके ही घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह घटना 2 जून 2025 की रात को इस्लामाबाद के जी-13 सेक्टर में हुई, जो सुंबल पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है. सना की हत्या ने न केवल उनके लाखों प्रशंसकों को स्तब्ध कर दिया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना सना के जन्मदिन के दिन हुई. खबरों के मुताबिक, एक अज्ञात व्यक्ति रिश्तेदार के रूप में उनके घर में घुसा. पुलिस का कहना है कि हमलावर ने पहले सना के साथ घर के बाहर कुछ देर बातचीत की. सना की चाची, जो उस समय घर पर मौजूद थीं ने पुलिस को बताया कि सना ने हमलावर से कहा, "यहां से चले जाओ, चारों ओर कैमरे हैं. मैं तुम्हारे लिए थोड़ा पानी लाती हूं." इसके तुरंत बाद, हमलावर ने सना पर बेहद करीब से दो गोलियां दागीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया और सना का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया.
कौन थीं सना यूसुफ?
चित्राल, खैबर पख्तूनख्वा की रहने वाली सना यूसुफ ने कम उम्र में ही सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बना ली थी. उनके टिकटॉक अकाउंट पर करीब 8 लाख और इंस्टाग्राम पर 5 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे. सना अपनी रील्स और वीडियोज में हास्य, लाइफस्टाइल, सांस्कृतिक जागरूकता और शिक्षाप्रद संदेशों को बढ़ावा देती थीं. सना की अंतिम इंस्टाग्राम पोस्ट, जिसमें वह अपने जन्मदिन का जश्न मनाते हुए केक काट रही थीं
पुलिस जांच और संदेह
घटना के बाद सना के शव को पोस्टमार्टम के लिए पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) भेजा गया. सना की मां फरजाना यूसुफ की शिकायत पर सुंबल पुलिस स्टेशन में अज्ञात हमलावर के खिलाफ पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 302 (जानबूझकर हत्या) के तहत FIR दर्ज की गई है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों की मदद से हमलावर की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक न तो संदिग्ध की पहचान हो पाई है और न ही उसे गिरफ्तार किया गया है.