भारतीय मूल के अरबपति परिवार हिंदुजा पर आरोप लगे हैं कि उनके घर में पालतू कुत्तों पर ज्यादा खर्च किया जाता है जबकि नौकरों को कम पैसे दिए जाते हैं. यह मामला अब सिर्फ आरोपों तक नहीं है. हिंदुजा परिवार के खिलाफ स्विटजरलैंड में केस दर्ज किया गया है. हिंदुजा के लेक जिनेवा विला में काम कर चुके लोगों की ओर से कोर्ट में पेश हुए वकील ने मांग की है कि इन लोगों को भारतीय लोगों की तस्करी और उनके उत्पीड़न के आरोप में साढ़े पांच साल की सजा दी जाए.
कोर्ट में पेश हुए प्रोसेक्यूटर यवेस बर्टोसा ने आपराधिक अदालत में हिंदुजा परिवार पर तीखा हमला किया. उन्होंने कमर्चारियों और हिंदुजा परिवार के लोगों की गवाही के साथ-साथ अपनी जांच के दौरान अदालत को दिए गए साक्ष्य का हवाला दिया.
यवेस बर्टोसा कहा, 'हिंदुजा परिवार ने अपने एक कुत्ते पर अपने एक नौकर से भी ज्यादा खर्च किया. उनके घर में काम कर रही महिला को एक बार सिर्फ 7 स्विस फ्रैंक यानी $7.84 का भुगतान किया है जबकि वह सप्ताह में सात दिन, 18 घंटे तक काम करती थी. वहीं, कुत्ते पर एक साल में 8,584 स्विस फ्रैंक खर्च किए गए.'
बता दें कि स्विट्जरलैंड में अरबपति हिंदुजा परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ मानव तस्करी का मुकदमा चल रहा है. इन सभी सदस्यों पर लेक जिनेवा स्थित अपने विला में घरेलू कर्मचारियों का शोषण करने, 15 से 18 घंटे तक काम कराने के लिए मात्र 8 डॉलर का भुगतान करने और काम करने वाले लोगों का पासपोर्ट जब्त करने का आरोप लगा है. हालांकि, परिवार के वकीलों ने इन आरोपों से इनकार किया है.
बर्टोसा ने आगे कहा, 'यहां काम करने वाले लोगों को उनके मालिक के हिसाब से हर घंटे उपलब्ध रहना पड़ता है. उनके पासपोर्ट भी ले लिए जाते हैं. उनके पास खर्च करने के लिए स्विस फ्रैंक नहीं रहते क्योंकि उनका वेतन भारत में ऐसे लोगों के पास भेजा जाता है. जिन्होंने इन लोगों को काम करने के लिए स्विट्जरलैंड भेजा है. यहां काम करने वाले लोग मालिक के अनुमित के बिना घर से बाहर भी नहीं जा सकते'.
हालांकि, परिवार के वकीलों ने बर्टोसा के इस बयान को एक सिरे से खारिज करते हुए उन नौकरों की गवाही का हवाला दिया जिन्होंने कहा कि उनके साथ अच्छा व्यवहार किया गया था.