Pakistani Player Video: 24 मई को कजाखस्तान के श्यमकेंट में खेले गए जूनियर डेविस कप (U-16) मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 2-0 से हरा दिया. इस मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों प्रकाश सरन और तविष पाहवा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने सिंगल्स मैच सुपर टाई-ब्रेक के जरिए जीतकर टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई.
मैच के तीन दिन बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसने खेल भावना पर सवाल खड़े कर दिए. इस वीडियो में देखा गया कि एक पाकिस्तानी खिलाड़ी ने भारतीय खिलाड़ी के साथ अशोभनीय व्यवहार किया. पहले तो उसने हाथ मिलाने से कतराया, फिर दोबारा हाथ मिलाने की कोशिश की, लेकिन जैसे ही भारतीय खिलाड़ी ने हाथ मिलाया, पाकिस्तानी खिलाड़ी ने अचानक अपना हाथ खींच लिया. यह हरकत दर्शकों और खेल प्रेमियों के लिए चौंकाने वाली थी.
जहां एक ओर पाकिस्तानी खिलाड़ी का रवैया आलोचना का विषय बन गया, वहीं भारतीय खिलाड़ी ने बेहद शांत और गरिमामय तरीके से प्रतिक्रिया दी. उन्होंने किसी प्रकार की उत्तेजना नहीं दिखाई और पूरी परिपक्वता के साथ स्थिति को संभाला. खेल जगत में इस व्यवहार की खूब सराहना हो रही है.
🇮🇳 India - 🇵🇰 Pakistan Handshake Drama at the Junior Davis Cup in Kazakhstan
— Indian Tennis Daily (ITD) (@IndTennisDaily) May 27, 2025
India beat Pakistan 2-0 pic.twitter.com/mI85JBETCo
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है. 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे. इसके जवाब में भारत ने 7 मई को पाकिस्तान और POK में स्थित नौ आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए, जिनमें जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिज्बुल मुजाहिद्दीन जैसे आतंकवादी संगठनों मारे गए हैं.
भारत ने इन हमलों को 'नपे-तुले और लक्ष्यित' बताया, वहीं पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए भारतीय सैन्य ठिकानों पर ड्रोन से हमले किए. इसके बाद भारत ने भी पलटवार किया. तीन दिन तक चले इस संघर्ष के बाद 10 मई को दोनों देशों ने संघर्षविराम पर सहमति जताई.