Pakistan News: पाकिस्तान में हो रही मूसलाधार बारिश ने लोगों पर जमकर कहर ढाया है. भारी बारिश के कारण उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वाह प्रांत में पांच बच्चों सहित सात लोगों की मौत हो गई है. बारिश के कारण इलाके के दर्जनों घर भी तबाह हो गए हैं. रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को भी प्रांत में ओलावृष्टि और भारी बारिश दर्ज की गई है जिस कारण जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है.
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बाजौर जिले में भारी बारिश के कारण एक घर ढह गया जिस वजह से उसमें रहने वाले पांच लोगों की मौत हो गई. मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल थे.
पाक के प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (PDMA) ने कहा कि शांगला जिले में एक छत गिर जाने से दो बच्चों की मौत हो गई. मूसलाधार बारिश ने पाकिस्तान के कई इलाकों में फसलों पर भी कहर बरपाया है. बारिश के कारण पेशावर, नौशेरा जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं.
प्रशासन ने बारिश से पीड़ित परिवारों के लिए तत्काल सहायता और राहत कार्यक्रम शुरु कर दिए हैं. अधिकारियों ने कहा कि अकेले इस महीने ही बारिशजन्य घटनाओं के कारण 37 पाकिस्तानियों की मौत हो चुकी है. भारी बारिश के कारण पूरे मुल्क में भू-स्खलन, सड़कों को खासा नुकसान हुआ जिस कारण यातायात प्रभावित हुआ.
पाकिस्तान में हर साल होने वाली सर्दी की बारिश यानी पश्चिमी विक्षोभ में देरी देखी गई. यह बारिश नवंबर माह में शुरु होती है लेकिन इस साल फरवरी में हुई. पाकिस्तान में हर साल मानसून के अलावा सर्दियों की बारिश से खासा नुकसान होता है.