बम धमाकों से दहला पाकिस्तान, पुलिस चेकपोस्ट पर कार में हुआ ब्लास्ट; 3 अधिकारियों की मौत
पाकिस्तान एक पुलिस चेकपोस्ट के पास कार में बम धमाका होने से सनसनी फैल गई है. धमाके के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग की भी खबर आई है. पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक इस हमले में कम से कम तीन अधिकारियों की मौत हुई है.
नई दिल्ली: पाकिस्तान और आतंक का रिश्ता चोली-दामन जैसा रहा है. लेकिन अब आतंकी हमले किसी दूसरे देश में नहीं बल्कि पाकिस्तान में ही होने लगे हैं. एक ऐसी ही घटना उत्तरी-पश्चिमी पाकिस्तान से में हुई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान में एक पुलिस चेकपोस्ट के पास कार में जबदस्त बम धमाका होने से सनसनी फैल गई है. हमले के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग की भी खबर आ रही है. पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से बताया जा रहा है कि इस धमाके में कम से कम तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी है जबकि कई अन्य लोगों के भी मारे जाने की आशंका जताई जा रही है.
हमले के दौरान 15 पुलिसकर्मी चौक पर थे मौजूद
जानकारी के अनुसार यह घटना शनिवार देर रात खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले में हुई है जो अफगानिस्तान बॉर्डर के पास का इलाका है. मीडिया रिपोर्टस के अनुसार जब धमाका हुआ तब चौकी के अंदर 15 से ज्यादा पुलिसकर्मी मौजूद थे. अधिकारियों ने यह भी आशंका जताई है कि मरने वालों की संख्या और बढ़ भी सकती है.
हथियारबंद आतंकियों ने किया विस्फोट
एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि एक आत्मघाती हमलावर ने कई हथियारबंद आतंकवादियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है. आतंकियों ने विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी को सुरक्षा चौकी के पास ले जाकर उसे उड़ा दिया. धमाके के तुरंत बाद इलाके में जोरदार गोलीबारी और कई और धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं हैं. इसके साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि धमाके के असर से पुलिस चौकी पूरी तरह से तबाह हो गई है.
ड्रोन का इस्तेमाल कर दिया अंजाम
मीडिया रिपोर्ट की मानें तो सुरक्षा अधिकारियों ने बताया है कि धमाके के बाद बचाव और मदद के लिए मौके पर पहुंच रही पुलिस टीमों पर हमलावरों ने घात लगाकर हमला किया. अधिकारियों का मानना है कि हमलावरों ने इस ऑपरेशन के दौरान ड्रोन का इस्तेमाल किया था जिससे यह हमला0 और भी ज्यादा खतरनाक हो गया.
पुलिस अधिकारी सज्जाद खान ने बताया कि मरने वालें की सही संख्या अभी तक साफ नहीं है क्योंकि इलाके में अभी भी लड़ाई जारी है. उन्होंने कहा कि और भी लोगों की मौत या घायल होने की आशंका है लेकिन अधिकारियों को नुकसान की पूरी जानकारी ऑपरेशन खत्म होने के बाद ही मिल सकेगी.