नॉर ईस्टर से अमेरिका में आफत: सड़क-समुद्र एक, शहर में छाया अंधेरा; खतरा अभी टला नहीं
अमेरिका के उत्तर-पूर्वी हिस्से में धीमी रफ्तार से बढ़ रहे शक्तिशाली नॉर ईस्टर तूफान ने तटीय इलाकों में भारी तबाही मचाई है. तेज हवाओं, लगातार बारिश और ऊंची समुद्री लहरों से कई सड़कें पानी में डूब गईं.
अमेरिका के उत्तर-पूर्वी हिस्से में आए शक्तिशाली नॉर ईस्टर तूफान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. तेज हवाओं, भारी बारिश और समुद्र में उठी ऊंची लहरों ने तटीय इलाकों को बुरी तरह प्रभावित किया. कई जगह सड़कें पानी में डूब गईं और बिजली आपूर्ति बाधित हुई. एक समय करीब एक लाख बिजली उपभोक्ता बिना बिजली के रह गए. मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान की धीमी रफ्तार के कारण आने वाले दिनों में भी तेज हवाओं, ऊंचे ज्वार और भारी बारिश का असर बना रह सकता है.
जब सड़कों पर चलने लगीं नावें
न्यूयॉर्क के लॉन्ग आइलैंड में जलभराव इतना ज्यादा हुआ कि कुछ लोग सड़कों पर कयाक चलाते नजर आए. न्यू जर्सी के सर्फ सिटी में मरीना के अंदर तक समुद्री पानी पहुंच गया. मरीना संचालक केनी फॉर्मिका ने बताया कि ऐसा नजारा बेहद दुर्लभ है. उन्होंने आखिरी बार 2012 के हरिकेन सैंडी के दौरान इस तरह पानी को अंदर आते देखा था. तूफान से पहले कर्मचारियों ने रस्सियां मजबूत की थीं और भारी उपकरण ऊंची जगहों पर रखे थे, फिर भी कई नावें बह गईं.
हजारों लोगों की मुश्किलें बढ़ीं
मैरीलैंड के ओशन सिटी में समुद्र की तेज लहरों ने समुद्र तट को नुकसान पहुंचाया और टीलों के पास लगी बाड़ बहा दी. कई नहरों में पानी काफी ऊपर तक पहुंच गया और घरों के पिछवाड़ों में भी पानी घुसने लगा. वर्जीनिया के नॉरफोक में सड़कों पर इतना पानी भर गया कि गाड़ियों के गुजरने से लहरें उठने लगीं. स्थानीय लोगों ने कई वाहनों के फंसने और फुटपाथों तक पहुंचने की जानकारी दी.
Also Read
उड़ानों से लेकर बड़े खेल मुकाबलों तक पर असर
तूफान ने यात्रा और मनोरंजन की योजनाओं को भी प्रभावित किया. बोस्टन लोगान इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सैकड़ों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. मार्था’स वाइनयार्ड और नानटकेट जाने वाली कई उड़ानें भी प्रभावित हुईं. बोस्टन रेड सॉक्स और शिकागो कब्स की तीन मैचों की सीरीज का कार्यक्रम बदलना पड़ा. दोनों टीमों ने शुक्रवार को बोस्टन में डबलहेडर खेला, जबकि रविवार का मुकाबला फ्लोरिडा में कराने का फैसला किया गया.
एड शीरन का कॉन्सर्ट भी रद्द
नॉर ईस्टर का असर बड़े आयोजनों पर भी पड़ा. एड शीरन को मैसाचुसेट्स के जिलेट स्टेडियम में शुक्रवार और शनिवार को होने वाले कार्यक्रम रद्द करने पड़े. न्यूयॉर्क की आयरनमैन ट्रायथलॉन भी रद्द कर दी गई. मैरीलैंड के ओशन सिटी में आयोजित होने वाला तीन दिवसीय ‘ओशन्स कॉलिंग’ म्यूजिक फेस्टिवल भी तूफान की वजह से नहीं हो सका. इस तरह खराब मौसम ने लोगों की यात्रा के साथ-साथ मनोरंजन और खेल कार्यक्रमों का पूरा शेड्यूल बदल दिया.
तूफान के बीच शादी का प्लान चेंज
उत्तरी कैरोलिना के हैटेरस आइलैंड पर एक शादी भी नॉर ईस्टर की वजह से प्रभावित हुई. जेयडेन सिंक और किम्बर्ली लैप्राड तूफान से पहले द्वीप पहुंच गए, लेकिन करीब 45 मेहमान सड़क बंद होने के कारण दूसरी ओर फंस गए. ऐसे में स्थानीय कैंपग्राउंड ने मदद के लिए अपनी जगह उपलब्ध कराई. दूल्हा-दुल्हन के लिए केबिन और शादी कराने वाला अधिकारी भी मिला. एक डीजे ने मुफ्त में संगीत देने की पेशकश की और वहां मौजूद लोगों को भी शादी में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया.
धीमी रफ्तार बनी सबसे बड़ी चिंता
राष्ट्रीय मौसम सेवा के पूर्वानुमानकर्ता बॉब ओरावेक के मुताबिक न्यू इंग्लैंड में शरद ऋतु के दौरान नॉर ईस्टर आना असामान्य नहीं है, लेकिन इस बार तूफान मौसम में सामान्य से कुछ पहले आया है. इसकी धीमी रफ्तार चिंता बढ़ा रही है. लंबे समय तक तेज हवाएं और ऊंची लहरें तटों से टकराने के कारण नुकसान बढ़ सकता है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पूर्वी अमेरिका में खराब मौसम का दौर बने रहने की चेतावनी दी है.