menu-icon
India Daily

'नेतन्याहू पहले भी कई बार ईरान के खिलाफ कर चुके हैं हमले की सिफारिश ', अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री जॉन केरी का खुलासा

अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री जॉन केरी ने मीडिया से बात करते हुए बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका के कई प्रशासनों से ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करने का आइडिया दिया था.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
'नेतन्याहू पहले भी कई बार ईरान के खिलाफ कर चुके हैं हमले की सिफारिश ', अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री जॉन केरी का खुलासा
Courtesy: X (@gazze_haber)

अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री जॉन केरी ने हाल ही में द लेट शो विद स्टीफन कोलबर्ट में एक महत्वपूर्ण खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका के कई प्रशासनों के दौरान ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का सुझाव दिया था, लेकिन ओबामा, बुश और बाइडेन प्रशासन ने इसे लगातार खारिज कर दिया. 

केरी ने कार्यक्रम में कहा कि नेतन्याहू ने हमसे ईरान पर हमला करने को कहा था, ओबामा और बुश ने मना कर दिया. राष्ट्रपति बाइडेन ने भी मना कर दिया. मैं उन चर्चाओं का हिस्सा था. उन्होंने जोर देकर कहा कि पिछले कई सालों में आंतरिक बैठकें में यह मुद्दा बार-बार उठा, लेकिन अमेरिकी नेताओं का मानना था कि कूटनीतिक विकल्पों को अभी पूरी तरह आजमाया नहीं गया है.

केरी ने क्या कहा?

केरी ने स्पष्ट किया कि पूर्व राष्ट्रपतियों का विचार था कि ईरान के साथ किसी भी सैन्य टकराव से पहले शांतिपूर्ण समाधान के सभी रास्ते खंगाले जाने चाहिए. उन्होंने कहा कि युद्ध कोई आसान विकल्प नहीं है और इसके दूरगामी परिणाम हो सकते हैं. केरी ने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए जनता के प्रति ईमानदारी की अहमियत पर प्रकाश डाला. वियतनाम और इराक युद्ध से हमने यही सबक सीखा है कि अमेरिकी लोगों से झूठ मत बोलो और फिर उनसे अपने बेटे-बेटियों को युद्ध में भेजने को मत कहो. यह बयान युद्ध निर्णयों में पारदर्शिता और जवाबदेही की जरूरत को रेखांकित करता है.

नेतन्याहू के तर्कों पर उठाया सवाल 

केरी ने नेतन्याहू द्वारा दिए गए तर्कों पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि इजरायली प्रधानमंत्री ने ईरान के अंदर अशांति, नेतृत्व परिवर्तन और सत्ता बदलाव की जो भविष्यवाणी की थी, वह वास्तविक घटनाओं से मेल नहीं खाती. केरी ने इसे महज एक भविष्यवाणी करार दिया और कहा कि जिस रेजीम चेंज की उम्मीद की जा रही थी, वह हकीकत में नहीं हुआ.

द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू ने डोनाल्ड ट्रंप के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक में दावा किया था कि ईरान में सत्ता परिवर्तन का माहौल पूरी तरह तैयार है. ट्रंप ने भी इस विचार का समर्थन व्यक्त किया था. हाल ही में अमेरिका और इजरायल के बीच ईरान संबंधी सैन्य अभियानों की चर्चा में भी नेतन्याहू की भूमिका उल्लेखनीय रही है.