menu-icon
India Daily

मिर्जापुर सड़क हादसे पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया शोक, मृतकों और घायलों के लिए किया मुआवजे का ऐलान

मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक के ब्रेक फेल होने से हुए हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई. राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक जताते हुए मुआवजे का ऐलान किया है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
मिर्जापुर सड़क हादसे पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया शोक, मृतकों और घायलों के लिए किया मुआवजे का ऐलान
Courtesy: Pinterest and @Sachingupta x account

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है. मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक के ब्रेक फेल होने से हुई इस दुर्घटना में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और अफरातफरी का माहौल है.

इस घटना पर द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि मिर्जापुर में सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु की खबर सुनकर उन्हें अत्यंत दुख हुआ है. राष्ट्रपति ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

पीएम नरेंद्र मोदी ने क्या कहा?

पीएम नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर शोक जताया है. उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में लोगों की जान जाने से वह बेहद दुखी हैं. प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की. साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री राहत कोष से मुआवजे का ऐलान किया. मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है.

क्या है पूरी घटना?

हादसा मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां मध्य प्रदेश से चना लादकर आ रहा ट्रक बड़का घुमान मोड़ के पास अचानक ब्रेक फेल होने से बेकाबू हो गया. आगे चल रही अल्टो कार, बोलेरो और एक अन्य ट्रक को एक दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो में आग लग गई, जिसमें 9 लोग जिंदा जल गए. वहीं अल्टो कार दो ट्रकों के बीच फंस गई, जिससे उसमें सवार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं. कई मृतक एक ही गांव के बताए जा रहे हैं, जिससे पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा?

इस हादसे पर योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया और अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए. वहीं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है.

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के अनुसार हादसे की मुख्य वजह ट्रक का ब्रेक फेल होना है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है.