menu-icon
India Daily

नेपाल में तीन दशक बाद ऐसी तबाही, 12 हजार करोड़ की संपत्ति तबाह; सैकड़ों लोग अब भी लापता

नेपाल में आई बाढ़ ने देश को भारी नुकसान पहुंचाया है. कई बड़े पुल, हाइड्रोइलेक्ट्रिक परियोजनाएं और घर इस बाढ़ में बह गए. जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर नजर आने लगा है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
नेपाल में तीन दशक बाद ऐसी तबाही, 12 हजार करोड़ की संपत्ति तबाह; सैकड़ों लोग अब भी लापता
Courtesy: X (@Deb_livnletliv)

नेपाल में आई तबाही ने भारी नुकसान पहुंचाया है. कुछ नुकसान ऐसे हैं, जिनकी कभी भरपाई नहीं हो पाएगी, वहीं कुछ ऐसे हैं जिनकी भरपाई करने में शायद सालों लग जाएं. नेपाल में आई बाढ़ में 150 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और अभी भी सैकड़ों लोग लापता हैं. इतना ही नहीं मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस बाढ़ में 200 बिलियन नेपाली रुपये बह गए.

नेपाल के लिए बुधवार का दिन एक बुरे सपने जैसा रहा. तिब्बत सीमा के पास अचानक आई भीषण बाढ़ ने नेपाल को भारी क्षति पहुंचाई है. सोशल मीडिया पर सामने आ रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे करोड़ों रुपये की परियोजनाएं एक खिलौने की तरह बिखरती नजर आ रही हैं.

नेपाल को कितना हुआ नुकसान?

मिल रही जानकारी के मुताबिक नेपाल में आई इस बाढ़ में कई बड़े पुल और हाइड्रोइलेक्ट्रिक परियोजनाएं पूरी तरह से खत्म हो गईं. इसके अलावा कई घर भी ताश के पत्तों की तरह ढह गए. हालांकि इस तबाही में नेपाल को कितने का नुकसान हुआ है, इसका डेटा अभी देना जल्दबाजी होगा. लेकिन कुछ रिपोर्ट्स की मानें तो 12,000 करोड़ भारतीय रुपये से ज्यादा नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. सबसे बड़ा नुकसान जलविद्युत परियोजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं के बर्बाद होने से हुआ है.

हालांकि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है. लापता लोगों की तलाश की जा रही है. वहीं घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है. सोशल मीडिया पर कई वीडियो ऐसे आ रहे हैं, जिनमें साफ देखा जा सकता है कि जिस रफ्तार में इस आफत ने दस्तक दी, उसमें लोगों को संभलने तक का भी मौका नहीं मिल पाया.

सोशल मीडिया पर दिखा खौफनाक मंजर

सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो नजर आ रहा है, जिसमें अचानक एक ओर से तेज बहाव में आ रहा पानी एक पुल को अपने साथ ले जाता है. वहीं दूसरे वीडियो में प्रभावित इलाके में मौजूद मकानों के ऊपर से पानी गुजर रहा है. हालांकि इस दौरान दो-तीन मकान वहीं धंसते भी नजर आ रहे हैं. कई ऐसे वीडियो भी नजर आ रहे हैं जिनमें कीचड़ और मलबे से भरा पानी काफी तेज रफ्तार में आगे बढ़ता है और वहां मौजूद हर चीज को पूरी तरह से बहा ले जाता है. नेपाल में आए इस संकट में भारत सरकार की ओर से मानवीय सहायता पहुंचानी शुरू कर दी गई है. लोगों के बीच खाना, पानी और दवाइयां पहुंचाई जा रही हैं. बता दें कि इस तबाही में भारत के भी 133 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश करने की कोशिश की जा रही है.