menu-icon
India Daily

रक्षाबंधन पर पंजाब सरकार का बड़ा दांव, 1.37 लाख सत्कार सखियों के खातों में पहुंचे 52.20 करोड़

रक्षाबंधन पर पंजाब सरकार ने 1.37 लाख सत्कार सखियों के खातों में 52.20 करोड़ रुपये भेजे. योजना के तहत 76.11 लाख महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है, जबकि एक करोड़ का लक्ष्य है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
रक्षाबंधन पर पंजाब सरकार का बड़ा दांव, 1.37 लाख सत्कार सखियों के खातों में पहुंचे 52.20 करोड़
Courtesy: ANI

रक्षाबंधन के मौके पर पंजाब सरकार ने महिलाओं से जुड़ी मावां धीयां सत्कार योजना को लेकर बड़ा कदम उठाया. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को 1.37 लाख सत्कार सखियों के बैंक खातों में 52.20 करोड़ रुपये की सम्मान राशि ट्रांसफर की. श्री गोइंदवाल साहिब में आयोजित कार्यक्रम में तकनीकी कारणों से मुख्यमंत्री खुद नहीं पहुंच सके, इसलिए उन्होंने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान सत्कार सखियों के काम की भी जमकर सराहना की गई.

76 लाख से ज्यादा महिलाओं का पंजीकरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्कार सखियों की मेहनत से योजना का लाभ बड़ी संख्या में महिलाओं तक पहुंचा है. अब तक 76.11 लाख महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है. इनमें 68.06 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में 2,381 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं. सरकार ने भविष्य में एक करोड़ महिलाओं को योजना से जोड़ने का लक्ष्य तय किया है.

हर पंजीकरण पर मिलेंगे 300 रुपये

सरकार के अनुसार सत्कार सखियों को प्रत्येक पंजीकरण के बदले 300 रुपये दिए जाएंगे. इससे उन्हें इस अभियान के जरिए 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की आय होने का अनुमान है. अमन अरोड़ा ने बताया कि 100 रुपये प्रति पंजीकरण के हिसाब से 51.20 करोड़ रुपये की पहली किस्त पहले ही दी जा चुकी है. सरकार ने योजना जारी रखने की प्रतिबद्धता भी दोहराई.

18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को लाभ

योजना के तहत 18 वर्ष से ज्यादा आयु की महिला लाभार्थियों को सीधे बैंक खाते में वित्तीय सहायता भेजी जा रही है. लाभार्थियों को मोबाइल पर राशि से जुड़ा संदेश भी मिल रहा है. सरकार के मुताबिक पंजाब की करीब 97 प्रतिशत महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है. इसके लिए बजट में 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.

सत्कार सखियों की भूमिका पर जोर

अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि योजना से जुड़ी महिलाओं और सत्कार सखियों के बीच भरोसा मजबूत हुआ है. उन्होंने उम्मीद जताई कि लाभार्थी इस राशि का इस्तेमाल कपड़े, दवाइयों या कर्ज चुकाने जैसी जरूरतों में करेंगी. मुख्यमंत्री ने भी पंजीकरण और फॉर्म भरने में सहयोग करने वाली सत्कार सखियों का आभार जताया. सरकार का दावा है कि यह पहल महिलाओं तक आर्थिक सहायता पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही है.