menu-icon
India Daily

मिस्र में बड़ा सड़क हादसा, तेल टैंकर में लगी आग से 31 लोगों की मौत; 21 घायल

मिस्र की राजधानी काहिरा के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ. यहां पर एक तेल टैंकर की भीषण टक्कर हो गई, जिसके बाद देखते ही देखते टैंकर में आग लग गई और आग ने कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया.

Shilpa Shrivastava
मिस्र में बड़ा सड़क हादसा, तेल टैंकर में लगी आग से 31 लोगों की मौत; 21 घायल
Courtesy: X

काहिरा: मिस्र की राजधानी काहिरा के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ. यहां पर एक तेल टैंकर की भीषण टक्कर हो गई, जिसके बाद देखते ही देखते टैंकर में आग लग गई और आग ने कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में करीब 31 लोगों की मौत हो गई. वहीं, 21 लोग घायल हो गए. यह हादसा इतना भयानक था कि इसमें दो दर्जन से ज्यादा कारें और मोटरसाइकिलें जलकर खाक हो गईं.

बता दें कि यह हादसा काहिरा की रिंग रोड पर गीजा के वाराक इलाके में हुआ. इस हादसे के दौरान कई लोग जलती हुई गाड़ियों में फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी.

दमकल की कई गाड़ियों मौके पर पहुंची:

जैसे ही हादसे की सूचना मिली, तुरंत ही दमकल विभाग और आपातकालीन बचाव दल मौके पर पहुंच गए. आग पर काबू पाने के लिए कई टीमें लगाई गईं. घटनास्थल के वीडियो में दमकलकर्मी आग बुझाते और बचावकर्मी क्षतिग्रस्त गाड़ियों से लोगों को बाहर निकालते दिखाई दिए. सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, हादसे में 21 लोग घायल हए, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है. 

राष्ट्रपति ने जताया दुख:

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है. वहीं, सरकारी अभियोजन कार्यालय के अनुसार, DNA टेस्ट भी कराए जा रहे हैं, जिससे मृतकों की पहचान सुनिश्चित की जा सके. अधिकारियों का कहना है कि मृतकों और घायलों की संख्या शुरुआती है. राहत कार्य और पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आंकड़ों में बदलाव हो सकता है.