menu-icon
India Daily

रियाद में हमले से मचा हड़कंप, फाइनेंशियल सेंटर टावर को बनाया निशाना; 2 भारतीयों समेत 11 लोग घायल

सऊदी अरब की राजधानी रियाद में फाइनेंशियल सेंटर के एक टावर पर हूती लड़ाकों के हमले में दो भारतीयों समेत 11 लोग घायल हो गए. घायलों में सऊदी अरब, नेपाल और मिस्र के नागरिक भी शामिल हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
रियाद में हमले से मचा हड़कंप, फाइनेंशियल सेंटर टावर को बनाया निशाना; 2 भारतीयों समेत 11 लोग घायल
Courtesy: @DesiVoice1 X Account

सऊदी अरब की राजधानी रियाद में फाइनेंशियल सेंटर के एक टावर पर हूती लड़ाकों के हमले की खबर सामने आई है. मंगलवार को हुए इस हमले में दो भारतीय नागरिकों समेत कुल 11 लोग घायल हो गए. सऊदी सिविल डिफेंस ने घटना की पुष्टि करते हुए घायलों की नागरिकता से जुड़ी जानकारी साझा की है. हमले के बाद संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत और सुरक्षा से जुड़े जरूरी कदम उठाए.

सऊदी सिविल डिफेंस के मुताबिक, घायलों में दो भारतीय नागरिक, दो सऊदी नागरिक, तीन नेपाली नागरिक और चार मिस्र के नागरिक शामिल हैं. इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. वहीं, लेबनान और कतर ने हमले की कड़ी निंदा की है और इसे सऊदी अरब की संप्रभुता तथा क्षेत्रीय स्थिरता के लिए गंभीर खतरा बताया है.

लेबनान ने हमले को बताया सऊदी सुरक्षा पर हमला

लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर हमले की निंदा की. उन्होंने कहा कि रियाद के फाइनेंशियल सेंटर के एक टावर पर हूती समूह का हमला आतंकवादी कार्रवाई है. उनके मुताबिक, यह सऊदी अरब जैसे मित्र देश की संप्रभुता और सुरक्षा पर खुला हमला है. उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाएं पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के लिए गंभीर खतरा पैदा करती हैं. लेबनान ने इस हमले को लेकर सऊदी अरब के प्रति समर्थन जताया है.

कतर ने अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन की बात कही

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, कतर ने भी रियाद में हुए हमले की कड़ी आलोचना की है. कतर ने इसे आक्रामकता का शर्मनाक कृत्य बताते हुए कहा कि यह सऊदी अरब की संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है.

कतर के विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में नागरिक सुविधाओं को निशाना बनाने वाली ऐसी कार्रवाइयों का विरोध किया. मंत्रालय ने इस तरह के हमलों को तत्काल रोकने की मांग भी की.

अधिकारियों ने तुरंत शुरू की कार्रवाई

सऊदी सिविल डिफेंस के जनरल डायरेक्टरेट ने एक्स पर जारी बयान में बताया कि घटना के तुरंत बाद संबंधित अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू कर दी थी. अधिकारियों ने ऐसे मामलों से निपटने के लिए निर्धारित प्रक्रियाओं और सुरक्षा उपायों को लागू किया. साथ ही लोगों की जान और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए गए.

इस हमले में घायल हुए सभी लोगों की नागरिकता की जानकारी भी सऊदी सिविल डिफेंस ने साझा की है. घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी निंदा की जा रही है. हालांकि, हमले से जुड़े अन्य विवरण और नुकसान की पूरी जानकारी सामने आना बाकी है.