T20 World Cup 2026

8.8 तीव्रता के भीषण भूकंप के बाद जापान-रूस में आई सुनामी से दहली धरती, वीडियो में देखें खौफनाक नजारा

रूस के कामचटका प्रायद्वीप में बुधवार को 8.8 तीव्रता का भीषण भूकंप आया, जिसके बाद 4 मीटर ऊंची सुनामी लहरों ने तटीय इलाकों में तबाही मचाई. कई क्षेत्रों में लोगों को घर खाली करने के आदेश दिए गए हैं. भूकंप का केंद्र जमीन से 19 किलोमीटर नीचे था. जापान, हवाई, गुआम और अमेरिका के प्रशांत तटों पर भी सुनामी की चेतावनी जारी की गई है.

Yogita Tyagi

रूस के कामचटका प्रायद्वीप में बुधवार को आए 8.8 तीव्रता के भीषण भूकंप के बाद इलाके में सुनामी की बड़ी लहरें उठीं, जिससे समुद्री तट के आसपास के इलाकों में अफरातफरी मच गई. इस आपदा की पहली तस्वीरें और वीडियो सामने आ चुके हैं, जिनमें तटीय इमारतों के डूबने और सड़कों पर पानी भरे होने के दृश्य देखे जा सकते हैं.

यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार भूकंप का केंद्र जमीन से 19 किलोमीटर नीचे और पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की शहर से 125 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण पूर्व में था. कामचटका क्षेत्र के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने इसे “दशकों का सबसे शक्तिशाली भूकंप” बताया और तटवर्ती इलाकों में रहने वालों से तट से दूर रहने की अपील की.

सुनामी की लहरें 4 मीटर तक ऊंची दर्ज

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सुनामी की लहरें 4 मीटर तक ऊंची दर्ज की गईं, जिससे कई स्थानों पर व्यापक नुकसान हुआ. कामचटका के दक्षिण में स्थित छोटे शहर सेवेरो-कुरिल्स्क में लोगों को घर खाली करने के आदेश दिए गए हैं. रूस की आपातकालीन सेवाओं ने प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से निकासी अभियान चलाया.