Russia Earthquake: रूस में जोरदार भूकंप आया है जिससे 4 मीटर (13 फीट) ऊंची लहरों वाली सुनामी आई. अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के कारण लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. इससे इमारतों को नुकसान पहुंचा है. इसके कारण अमेरिका, जापान और आसपास के अन्य देशों के लिए प्रशांत महासागर में सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई.
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने चेतावनी देते हुए कहा है कि जापान के कुछ तटीय इलाकों में 1 मीटर ऊंची सुनामी आ सकती है. GMT के अनुसार, यह सुबह 1:00 बजे से शुरू हो सकती है. बता दें कि जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा को इसकी सूचना दे दी गई है. सरकार ने एक आपातकालीन दल का भी गठन किया है, जो जानकारी इक्ट्ठा कर रहा है.
रूस में 8.7 तीव्रता का भूकंप आया है. रूस के कामचटका क्षेत्र के पास, पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की शहर से लगभग 147 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में, 6.9 तीव्रता का एक और झटका आया. यह झटका 10 किलोमीटर की गहराई पर आया. यहां पर झटके काफी तेज महसूस हुए.
भूकंप ने किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन एक किंडरगार्टन की बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा है. कामचटका के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव के अनुसार, यह भूकंप दशकों में आए सबसे खतरनाक भूकंपों में से एक है. यह मैसेज उन्होंने टेलीग्राम के जरिए शेयर किया.
सुनामी के खतरे के कारण, रूस के सखालिन क्षेत्र के एक छोटे से शहर सेवेरो-कुरिल्स्क में रहने वाले लोगों को निकाला जा रहा है. इन्हें सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है. लोगों को सुरक्षित करने के लिए स्थानिय सरकार तेजी से काम कर रही है.
बता दें कि जुलाई की शुरुआत में, कामचटका के पास 5 तेज भूकंप आ चुके थे, जिनमें से एक की तीव्रता 7.4 थी. वह भूकंप पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की से 144 किलोमीटर पूर्व में आया था और समुद्र के नीचे, 20 किलोमीटर की गहराई में आया था. इसके अलावा, 4 नवंबर, 1952 को कामचटका में 9.0 तीव्रता का एक बहुत तेज भूकंप आया था. इससे हवाई में 30 फुट ऊंची लहरें उठीं.