महिला बॉडी बिल्डर मैरिएन वॉन गिर्के (Marianne von Gierke) का 40 साल की उम्र में अचानक निधन हो गया. उन्होंने निधन से करीब दो सप्ताह पहले मिस्टर ओलंपिया (Mr Olympia) प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था. उनकी मौत की वजह अभी सामने नहीं आई है.
मैरिएन वॉन गिर्के ने चिली में आयोजित मिस्टर ओलंपिया (Mr Olympia) प्रतियोगिता की वुमेन्स फिजीक कैटेगरी में हिस्सा लिया था. इसमें उन्होंने 13वां स्थान हासिल किया. इससे पहले 2024 में वह इसी कैटेगरी में 16वें स्थान पर रही थीं. 2021 में उन्होंने प्रोफेशनल बॉडीबिल्डर का दर्जा हासिल किया था.
मैरिएन ने इस साल गर्मियों में राइजिंग फीनिक्स वर्ल्ड चैंपियनशिप (Rising Phoenix World Championships) में वुमेन्स फिजीक का खिताब जीता था. वह सोशल मीडिया पर भी सक्रिय थीं और पर्सनल ट्रेनर के रूप में लोगों को फिटनेस के लिए प्रेरित करती थीं. वह अपनी फिटनेस में आए बदलावों को भी फॉलोअर्स के साथ शेयर करती थीं.
मैरिएन अपने पीछे 11 साल के बेटे और लंबे समय से साथ रह रहे पार्टनर को छोड़ गई हैं. निधन से कुछ समय पहले उन्होंने अपने पार्टनर के साथ तस्वीर शेयर करते हुए उनके समर्थन के लिए आभार जताया था. उन्होंने बताया था कि उनके पार्टनर अच्छे समय के साथ-साथ मुश्किल दौर में भी उनके साथ खड़े रहे.
मैरिएन ने अपने संदेश में लिखा था कि उनका पार्टनर तैयारी के हर कठिन चरण, उनकी शंकाओं और निराशाओं के दौरान उनके साथ रहा. उन्होंने अपने सपनों को समझने और हर चुनौती में साथ देने के लिए उनका धन्यवाद किया था. उन्होंने यह भी लिखा था कि उनका प्रतियोगिता का सीजन समाप्त हो रहा है, लेकिन दोनों का सफर जारी रहेगा.
उनके पार्टनर ने भी उनकी उपलब्धियों पर गर्व जताया था. उन्होंने कहा था कि मैरिएन ने अपनी मेहनत और उपलब्धियों से उन्हें बेहद गर्व महसूस कराया.
चिली के बॉडीबिल्डिंग महासंघ ने मैरिएन के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने इस खेल पर अमिट छाप छोड़ी है और अपनी कैटेगरी में एक खास विरासत बनाई है. फिलहाल उनके निधन के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है.