बोलीविया के सैन्य ठिकाने पर भीषण विस्फोट से दहशत, 10 की मौत और 60 से ज्यादा घायल; मची अफरातफरी
बोलीविया के वियाचा स्थित सैन्य परिसर में शुक्रवार दोपहर हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 60 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. विस्फोट आतिशबाजी और पायरो टेक्निक सामग्री के भंडार वाले क्षेत्र में हुआ.
नई दिल्ली: बोलीविया में शुक्रवार को एक सैन्य परिसर में हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया. हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. स्थानीय स्वास्थ्य निदेशक रीटा नेब्रास्का ने टेलीविजन चैनल Noticias Bolivision को बताया कि मृतकों की संख्या बढ़कर 15 तक पहुंच सकती है. घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर बताई गई है.
यह विस्फोट स्थानीय समय के अनुसार दोपहर करीब 2:30 बजे वियाचा स्थित एक सैन्य परिसर में हुआ. वियाचा बोलीविया की राजधानी ला पाज से करीब 30 किलोमीटर दूर है. अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट उस इलाके में हुआ जहां आतिशबाजी और पायरो टेक्निक सामग्री रखी गई थी.
क्या थी विस्फोट की वजह?
अधिकारियों ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि विस्फोट की शुरुआत किस वजह से हुई. रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि सैन्य परिसर में रक्षा मंत्रालय से जुड़ा आतिशबाजी का भंडार रखा हुआ था. इसी भंडार में विस्फोट होने की आशंका जताई गई है. हालांकि हादसे के वास्तविक कारण की जांच अभी जारी है.
Also Read
स्थानीय स्वास्थ्य निदेशक ने क्या बताया?
स्थानीय स्वास्थ्य निदेशक ने बताया कि 62 लोग घायल हुए हैं. इनमें से 14 घायलों को राजधानी ला पाज के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. घायलों में एक बच्ची भी शामिल है, जिसे थर्ड डिग्री बर्न हुआ है. पुलिस के अनुसार, 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं और विस्फोट की वजह से आसपास के इलाकों में दर्जनों घरों को भी नुकसान पहुंचा है.
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के कई घरों की खिड़कियां टूट गईं. धमाके की तेज आवाज और झटके से लोगों में दहशत फैल गई. घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और सैन्य परिसर से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है.
क्या लिया गया एक्शन?
हादसे की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाओं की टीमें सैन्य परिसर पहुंचीं. एंबुलेंस, मेडिकल टीम और पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया. घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पतालों तक पहुंचाया गया. राहत और बचाव दल ने परिसर में स्थिति का जायजा लिया.
प्रशासन ने लोगों को घटनास्थल के पास नहीं जाने की चेतावनी दी है. स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, परिसर में अभी भी एक गर्म स्थान यानी हीट सोर्स मौजूद है. इससे दोबारा विस्फोट होने का खतरा बना हुआ है. स्वास्थ्य निदेशक रीटा नेब्रास्का ने लोगों से घटनास्थल से कम से कम 150 मीटर की दूरी बनाए रखने की अपील की है.