menu-icon
India Daily

नाइजीरिया में तेल चोरी की कोशिश पड़ी भारी, जहरीली गैस की चपेट में आने से 37 लोगों की मौत

नाइजीरिया के रिवर्स स्टेट में अवैध तरीके से कच्चा तेल निकालते समय जहरीली गैस फैल गई. हादसे में कम से कम 37 लोगों की मौत हुई.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
नाइजीरिया में तेल चोरी की कोशिश पड़ी भारी, जहरीली गैस की चपेट में आने से 37 लोगों की मौत
Courtesy: X

नाइजीरिया में कच्चे तेल की चोरी की कोशिश एक बड़े हादसे में बदल गई. रिवर्स स्टेट के ओक्रिका इलाके में तेल निकालते समय जहरीली गैस की चपेट में आने से कम से कम 37 लोगों की जान चली गई. पुलिस ने घटना की पुष्टि की है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

तेल निकालते समय हुआ हादसा

यह हादसा गुरुवार को ओक्रिका लोकल गवर्नमेंट एरिया के ओकारी जेटी पर हुआ. रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ लोग एक गैर-कानूनी टैपिंग पॉइंट से कच्चे तेल के उत्पाद नावों में भरने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान वहां से अचानक जहरीली गैस तेजी से निकलने लगी और लोग उसकी चपेट में आ गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. एक स्वयंसेवी नेटवर्क से जुड़े यूथ्स एंड एनवायरनमेंटल एडवोकेसी सेंटर ने कम से कम 37 मौतों की जानकारी दी है. कई लोगों के अब भी लापता होने की बात कही जा रही है.

जांच में जुटी पुलिस

नाइजीरियाई पुलिस ने शुक्रवार को हादसे की पुष्टि की, हालांकि उसने मरने वालों की संख्या नहीं बताई. रिवर्स स्टेट पुलिस कमांड के प्रवक्ता ब्लेसिंग अगाबे ने कहा कि पीड़ित कच्चा तेल चुराने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस के मुताबिक, घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और जांच जारी है. स्थानीय संगठनों की रिपोर्ट में बताया गया है कि गैस की चपेट में आने वाले लोगों में वे लोग शामिल थे, जो अवैध जगह से तेल निकालकर नावों में भर रहे थे. राहत और खोज का काम भी जारी है.

नाइजर डेल्टा में तेल चोरी बड़ी समस्या

नाइजीरिया के नाइजर डेल्टा इलाके में कच्चे तेल की चोरी लंबे समय से बड़ी समस्या बनी हुई है. यह क्षेत्र अफ्रीका के सबसे बड़े तेल उत्पादक इलाकों में शामिल है. यहां कई सालों से तेल निकालने के कारण स्थानीय लोगों को गरीबी और प्रदूषण जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. तेल पाइपलाइनों से अवैध तरीके से तेल निकालने के दौरान आग, जहरीली गैस और दूसरे हादसों का खतरा बना रहता है.