Hamas Israel War: इजरायल और हमास के बीच पिछले 17 जिनों से युद्ध जारी है. इजरायली सुरक्षा बलों की गाजा में लगातार कार्रवाई के बीच सोमवार रात को आतंकी संगठन हमास ने 2 इजरायली महिलाओं को रिहा कर दिया.
हमास की कैद से रिहा हुई इजरायली महिला ने हमास की तारीफ की है. महिला योचेवेद लिफशिट्ज (85) ने कहा कि 2 हफ्तों तक बंधक बनाए जाने के दौरान हमास के लड़ाकों ने उनके साथ अच्छा व्यवहार किया.
महिला ने बताया कि 7 अक्टूबर को हमास के लड़ाके उन्हें किबुत्ज स्थित उनके घर से मोटरसाइकिल पर अगवा कर गाजा पट्टी ले गए थे.
महिला ने कहा कि मैं जब मोटरसाइकिल पर बैठी तो मेरा संतुलन नहीं बन पा रहा था, मेरा सिर एक तरफ झुका हुआ था और शरीर का बाकी हिस्सा दूसरी तरफ झूल रहा था. आतंकियों ने मुझे रास्ते में मारा था, इस दौरान मुझे सांस लेने में तकलीफ हुई थी.
लिफशिट्ज ने कहा कि गाजा पहुंचने पर हमास के लड़ाके उन्हें सुरंगों में ले गए. उन्होंने कहा कि हमास ने गाजा में भूमिगत सुरंगों का एक बड़ा जाल बनाया है.
महिला ने कहा कि मैं उस नर्क से गुजर चुकी हूं. मैंने कभी सोचा नहीं था कि मैं कभी वापस लौट पाऊंगी, लेकिन हमास के लड़ाकों ने सभी बंधकों के साथ अच्छा व्यवहार किया और हमारी जरूरतें पूरी कीं.
हमास के चंगुल से रिहा हुईं लिफशिट्ज ने कहा कि हम सभी बंदकों को सुरंगों के भीतर साफ-सुथरी जगह रखा गया था और सोने के लिए गद्दे दिए गए थे. 2-3 दिन में डॉक्टर बंधकों की जांच के लिए आता है.
महिला ने बताया कि हमास लड़ाकों ने बंधकों के खाने-पीने का पूरा ध्यान रखा. हमें जो खाना दिया जा रहा था उसी खाने में से हमास के लड़ाके भी खा रहे थे.
यह भी पढ़ें: अमेरिका ने हमास आतंकी सलीह अल-अरूरी पर घोषित किया 10 मिलियन डॉलर का इनाम