नई दिल्ली: ओमान के तट के पास स्थित स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक कमर्शियल जहाज पर हुए हमले के बाद भारत के लिए चिंता बढ़ गई है. साइप्रस के झंडे वाले जीएफएस गैलेक्सी जहाज पर हुए इस हमले में एक भारतीय नागरिक लापता हो गया है. जहाज पर मौजूद अन्य भारतीयों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और लापता व्यक्ति की तलाश जारी है. हमले के बाद जहाज में आग लगने की सूचना सामने आई, जिससे चालक दल को जहाज छोड़ना पड़ा. भारतीय विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि जहाज पर कुल 11 भारतीय नागरिक सवार थे. इनमें से 10 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय का अब तक पता नहीं चल सका है.
जानकारी के मुताबिक, ओमान के तट के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे साइप्रस के झंडे वाले GFS Galaxy पर हमला हुआ. हमले के बाद जहाज में आग लग गई, जिससे चालक दल को तुरंत जहाज खाली करना पड़ा. इसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया और अधिकांश लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
घटना पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. मंत्रालय ने कमर्शियल जहाज पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि जहाज पर मौजूद 11 भारतीय नागरिकों में से 10 को बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय अभी भी लापता है. सरकार ने बताया कि संबंधित एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं.
विदेश मंत्रालय के अनुसार, ओमान में स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है. दूतावास सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहा है और लापता भारतीय की तलाश में हर संभव सहयोग दे रहा है. मंत्रालय ने राहत अभियान में सहयोग के लिए ओमानी अधिकारियों का आभार भी जताया है.
भारत सरकार ने कमर्शियल जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों पर गंभीर चिंता व्यक्त की है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान की दिशा में प्रयास जारी रहने चाहिए, ताकि हालात सामान्य हो सकें और क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता बहाल हो.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि कमर्शियल शिपिंग और नागरिक ढांचे को निशाना बनाया जाना बंद होना चाहिए. साथ ही अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप समुद्री मार्गों पर बिना किसी बाधा के आवाजाही और व्यापार जल्द से जल्द बहाल किया जाना आवश्यक है. भारत ने क्षेत्र में सुरक्षित नौवहन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया.