T20 World Cup 2026

फ्रांस विमान मामले में फंसे भारतीयों का अब क्या होगा? 5 पॉइंट्स में जानें अपडेट

रोमानिया की लीजेंड एयरलाइंस का विमान दुबई के बाद गुरुवार से पेरिस से करीब 150 किलोमीटर पूर्व में वैट्री हवाई अड्डे पर रुका था. तभी अधिकारियों को सूचना मिली कि विमान में मानव तस्करी के पीड़ितों को ले जाया जा रहा है.

Naresh Chaudhary

France Plane Case Latest Update: फ्रांस के वैट्री हवाई अड्डे पर खड़े विमान को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. इसमें 303 भारतीय सवार थे. मामले से जुड़े एक सूत्र ने न्यूज एजेंसियों को बताया कि फ्रांस में खड़े निकारागुआ जाने वाले विमान में सवार 303 लोगों में शामिल नाबालिगों समेत 10 भारतीय यात्रियों ने शरणार्थी के लिए आवेदन किया है.

जानकारी के मुताबिक, रोमानिया स्थित लीजेंड एयरलाइंस का विमान दुबई पहुंचने के बाद गुरुवार से पेरिस से करीब 150 किलोमीटर पूर्व में वैट्री हवाई अड्डे पर रुका हुआ था. अधिकारियों को एक सूचना मिली थी कि विमान में मानव तस्करी के पीड़ितों को ले जाया जा रहा है. इसके बाद उड़ान को रोक दिया गया था. 

पेरिस अभियोजक कार्यालय की ओर से कहा गया है कि एयरबस ए340 जेट में 11 नाबालिग सवार थे. कुछ यात्रियों का पक्ष रखने के लिए नियुक्त वकील औरोर ओपिरचल ने मीडिया को बताया कि उनमें से छह ने शरणार्थी बनने के लिए आवेदन की इच्छा जताई है. 

जानें इस मामले में अभी तक क्या-क्या हुआ?

1. फंसे हुए यात्रियों को शनिवार सुबह भी हवाईअड्डे पर रखा गया. उनकी किसी भी डीटेल की अभी तक फ्रांसीसी अधिकारियों की ओर से पुष्टि नहीं की गई है. हवाई अड्डे के एंट्री रूम के बाहरी शीशे और आस-पास की इमारतों को तिरपाल से ढक दिया गया है, क्योंकि पुलिस ने यहां किसी भी एंट्री पर रोक लगा दी है. 

इस मामले से जुड़े एक सूत्र ने बताया था कि यात्रियों ने अवैध रूप से अमेरिका या कनाडा में प्रवेश करने के लिए मध्य अमेरिका की यात्रा करने की योजना बनाई होगी.

2. पेरिस अभियोजक कार्यालय ने कहा है कि शुक्रवार से हिरासत में रहे दो यात्रियों को शनिवार को 48 घंटे के लिए हिरासत में लिया गया. अधिकारियों ने सत्यापित करने के लिए सभी से पूछताछ की. उनकी भूमिका, परिस्थितियां और यात्रा का मकसद संदिग्ध प्रतीत हुआ था. 

3. एक न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस मामले की सुनवाई रविवार को न्यायाधीश के सामने होगी. आशंका है कि पुलिस के हिरासत आदेश को आठ दिनों के लिए बढ़ाया जा सकता है. इस बीच पेरिस अभियोजक कार्यालय ने कहा है कि यात्रियों और फ्लाइट के चालक दल की पहचान की जांच की जा रही है. 

4. एयरबस ए340 का संचालन करने वाली लीजेंड एयरलाइंस की वकील लिलियाना बाकायोको ने कहा कि पूछताछ के बाद सभी चालक दल के सदस्यों को जाने की अनुमति दे दी गई है. उन्होंने पहले कहा था कि अगर अभियोजकों ने इसके खिलाफ आरोप दायर किए तो एयरलाइन मुकदमा दर्ज करेगी.

5. पेरिस में भारतीय दूतावास ने शनिवार को कहा कि वह स्थिति के शीघ्र समाधान के लिए फ्रांसीसी सरकार के साथ लगातार बात चल रही है.