दिल्ली में लाखों परिवारों को रेखा गुप्ता सरकार का तोहफा, होली-दीवाली पर मिलेगा मुफ्त सिलेंडर
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस साल होली से पहले राशन कार्ड धारक परिवारों को एक गैस सिलेंडर की राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी. यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से दी जाएगी.
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के राशन कार्ड धारकों के लिए एक बड़ी राहत का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि दिल्ली के सभी पात्र राशन कार्ड धारकों को होली और दिवाली के मौके पर निशुल्क गैस सिलेंडर दिया जाएगा.
यह फैसला सरकार के चुनावी संकल्प पत्र का हिस्सा था, जिसे अब कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है. इस योजना को लागू करने के लिए दिल्ली सरकार ने 242 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है.
'पात्र परिवार को 853 रुपए की सहायता'
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस साल होली से पहले राशन कार्ड धारक परिवारों को एक गैस सिलेंडर की राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी. यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से दी जाएगी, ताकि लाभार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो. सरकार की योजना के अनुसार, हर साल होली और दीवाली पर गैस सिलेंडर का लाभ दिया जाएगा. यानी साल में दो बार प्रत्येक पात्र परिवार को 853 रुपए की सहायता मिलेगी.
CM रेखा गुप्ता ने क्या कहा?
सीएम रेखा गुप्ता ने यह भी जानकारी दी कि दिल्ली में इस समय करीब 17.5 लाख राशन कार्ड पंजीकृत हैं, जिन्हें इस योजना का लाभ मिलेगा. इसके अलावा उन्होंने उन लोगों के लिए भी राहत की बात कही है, जो गैस सिलेंडर की बजाय पाइपलाइन वाली गैस (पीएनजी) का इस्तेमाल करते हैं. ऐसे परिवारों को भी सिलेंडर के बराबर राशि यानी 853 रुपए सीधे उनके खाते में ट्रांसफर की जाएगी. इससे यह सुनिश्चित होगा कि किसी भी पात्र परिवार को योजना से बाहर न रखा जाए.
BJP का संकल्प पत्र
दरअसल, दिल्ली बीजेपी ने विधानसभा चुनाव के दौरान अपने संकल्प पत्र में यह वादा किया था कि होली और दीपावली के अवसर पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) की महिलाओं को मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर दिया जाएगा. इसके साथ ही कमजोर परिवारों को 500 रुपये की रियायती दर पर सिलेंडर उपलब्ध कराने की भी बात कही गई थी. अब रेखा गुप्ता सरकार ने इस वादे को पूरा करने की दिशा में कदम उठा लिया है.
एक बड़ा वादा अभी अधूरा
बीजेपी सरकार अब तक अपने कई चुनावी वादों को लागू कर चुकी है. इनमें दिल्ली में केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना को लागू करना और गरीब व जरूरतमंद लोगों को मात्र पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराने के लिए अटल कैंटीन की शुरुआत करना शामिल है. हालांकि, एक बड़ा वादा अभी भी पूरा होना बाकी है. चुनाव के समय बीजेपी ने दिल्ली की महिलाओं के खातों में हर महीने 2500 रुपये भेजने का ऐलान किया था. इस मुद्दे को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठा रहा है और इसे लेकर राजनीतिक बहस जारी है.
और पढ़ें
- दिल्ली में प्राइवेट स्कूल फीस कंट्रोल एक्ट: आप का बीजेपी पर अटैक, आप नेता सौरभ भारद्वाज ने रेखा गुप्ता सरकार पर लगाया मिलीभगत का आरोप
- अपनी 14 साल की बेटी के साथ पिता ने ही किया बार-बार रेप, मकान मालिक के साथ थाने पहुंची बच्ची; आरोपी गिरफ्तार
- दिल्ली में खौफ का साया: हर दिन 54 लोग हो रहे गायब! महिलाओं और बच्चों पर सबसे बड़ा खतरा