T20 World Cup 2026

ईरान में हालात बिगड़ते देख एक्शन मोड में भारत! भारतीय नागरिकों से किया देश छोड़ने का आग्रह

तेहरान और वाशिंगटन के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत ने ईरान में रह रहे अपने नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है. भारतीय दूतावास ने स्टूडेंट, तीर्थयात्री और बिजनेस करने वालों से उपलब्ध किसी भी ट्रांसपोर्ट से देश छोड़ने को कहा है.

X (@HonyThan83896 X account)
Babli Rautela

नई दिल्ली: तेहरान और वाशिंगटन के बीच बढ़ते टकराव के बीच Embassy of India in Tehran ने सोमवार को नई एडवाइजरी जारी की है. इसमें ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों से कहा गया है कि वे उपलब्ध कमर्शियल फ्लाइट या किसी भी दूसरे ट्रांसपोर्ट के जरिये देश छोड़ दें. यह कदम 5 जनवरी 2026 को जारी की गई पिछली चेतावनी के बाद उठाया गया है. बदलते हालात को देखते हुए सरकार ने एहतियात बरतने को कहा है.

एडवाइजरी में स्टूडेंट, तीर्थयात्री, बिजनेस करने वाले और टूरिस्ट समेत सभी भारतीयों को सतर्क रहने को कहा गया है. उन्हें विरोध और प्रदर्शन वाली जगहों से दूर रहने की सलाह दी गई है. दूतावास ने नागरिकों से कहा है कि वे स्थानीय मीडिया पर नजर रखें और मिशन के अधिकारियों के संपर्क में बने रहें. साथ ही पासपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज हमेशा अपने पास रखने को कहा गया है.

रजिस्ट्रेशन और हेल्पलाइन की सुविधा

एम्बेसी ने उन भारतीयों से भी अनुरोध किया है जिन्होंने अब तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है कि वे ऑनलाइन पोर्टल के जरिए तुरंत रजिस्ट्रेशन करें. इंटरनेट में समस्या आने पर परिवार के सदस्य भारत से भी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर और आधिकारिक ईमेल जारी किए गए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत संपर्क किया जा सके.

यह एडवाइजरी ऐसे समय आई है जब डोनाल्ड ट्रम्प ने संकेत दिया है कि अगर कूटनीतिक कोशिशें नाकाम रहती हैं तो अमेरिका ईरान के खिलाफ सख्त कदम उठा सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका सीमित सैन्य कार्रवाई पर विचार कर रहा है ताकि ईरान को उसके न्यूक्लियर कार्यक्रम को लेकर दबाव में लाया जा सके. ओमान के विदेश मंत्री बद्र अल बुसैदी ने कहा है कि दोनों देशों के बीच अगली बातचीत जिनेवा में होने की उम्मीद है. इससे पहले न्यूक्लियर मुद्दे पर वार्ता ओमान में हुई थी.

ईरान में जारी प्रदर्शन

इस बीच ईरान में छात्रों द्वारा सरकार विरोधी प्रदर्शन की खबरें भी सामने आई हैं. हाल के हफ्तों में हुए प्रदर्शनों पर सख्त कार्रवाई की गई थी. बढ़ते असंतोष और अंतरराष्ट्रीय दबाव के बीच हालात संवेदनशील बने हुए हैं. ऐसे में भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह सख्त कदम उठाया है. सरकार की अपील साफ है कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं होती, भारतीय नागरिक पूरी सावधानी बरतें और जरूरत पड़ने पर तुरंत देश छोड़ दें.