menu-icon
India Daily

'आज का रेट क्या है दीदी का...', ऐसा सुनते हैं भोजपुरी सिंगर निशा ने एंकर पर बरसाई चप्पलें, वीडियो में देखें शो का हाईवोल्टेज ड्रामा

भोजपुरी सिंगर निशा उपाध्याय का एक स्टेज शो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. एंकर के कथित आपत्तिजनक कमेंट पर वह गुस्से में चप्पल लेकर मंच पर ही भिड़ गईं. कार्यक्रम के दौरान अफरातफरी का माहौल बन गया.

babli
Edited By: Babli Rautela
'आज का रेट क्या है दीदी का...', ऐसा सुनते हैं भोजपुरी सिंगर निशा ने एंकर पर बरसाई चप्पलें, वीडियो में देखें शो का हाईवोल्टेज ड्रामा
Courtesy: X (@thebiharoffice)

मुंबई: भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री की जानी मानी सिंगर निशा उपाध्याय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. यह वीडियो सारण जिले के एक गांव में हुए स्टेज कार्यक्रम का बताया जा रहा है. कार्यक्रम के दौरान निशा परफॉर्मेंस के लिए तैयार हो रही थीं. उसी समय मंच पर मौजूद एंकर ने कुछ ऐसा कह दिया जिससे माहौल अचानक बदल गया.

मंच से एंकर मुकेश ने दर्शकों से कहा कि अब बारी है हमारी प्यारी निशा दीदी की. इसके बाद उसने मजाकिया अंदाज में कहा कि आज का रेट क्या है दीदी का. एक गाना दस हजार, दो गाने बीस हजार या कुछ और. दर्शकों में से कुछ लोग हंस पड़े, लेकिन यह बात निशा को नागवार गुजरी. बताया जा रहा है कि उन्होंने इसे अपमानजनक टिप्पणी के रूप में लिया.

हाथ में चप्पल लेकर मंच पर पहुंचीं सिंगर

वायरल वीडियो में नजर आता है कि निशा नीले रंग की साड़ी पहने मंच पर आती हैं और हाथ में चप्पल उठा लेती हैं. वह गुस्से में एंकर की ओर बढ़ती हैं. एंकर खुद को बचाने की कोशिश करता दिखाई देता है. पीछे से कुछ लोग शोर मचाते हैं. निशा गुस्से में कहती सुनाई देती हैं कि मेरा रेट कौन बताएगा. माइक दीजिए इसका रेट हम बताएंगे. मंच पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया. बाद में मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर स्थिति को शांत कराया.

पहले भी चर्चा में रह चुकी हैं निशा

निशा उपाध्याय भोजपुरी इंडस्ट्री में अपनी लोक सिंगर और स्टेज परफॉर्मेंस के लिए जानी जाती हैं. इंस्टाग्राम पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं और वह सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहती हैं. साल 2023 में एक लाइव कार्यक्रम के दौरान उन्हें गोली लगने की घटना भी सामने आई थी, जब किसी ने हवाई फायरिंग की थी. उस घटना के बाद भी वह चर्चा में रही थीं. इस बार स्टेज पर हुए विवाद ने उन्हें फिर सुर्खियों में ला दिया है.

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग रिएक्शन सामने आ रही है. कुछ लोग सिंगर के गुस्से को सही ठहरा रहे हैं, तो कुछ का मानना है कि मंच पर संयम रखना जरूरी था. हालांकि इस मामले में अभी तक एंकर या सिंगर की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. फिलहाल यह वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है और भोजपुरी इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बना हुआ है.