Hamas: हमास ने राष्ट्रपति ट्रम्प को एक पत्र लिखकर उनसे आधे बंधकों को तुरंत रिहा करने के बदले में ग़ाज़ा में 60 दिनों के युद्धविराम की व्यक्तिगत गारंटी मांगी है. फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक हमास ने राष्ट्रपति ट्रम्प को एक निजी पत्र लिखा है, जिसमें उनसे गाजा में बंधक बनाए गए आधे लोगों को तुरंत रिहा करने के बदले में लड़ाई में 60 दिनों के विराम की गारंटी मांग की है.
ट्रम्प प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी और एक दूसरे सूत्र ने बताया कि यह पत्र फिलहाल कतर के पास है और उम्मीद है कि इस सप्ताह इसे ट्रम्प प्रशासन को सौंप दिया जाएगा. एक्सियोस संवाददाता बराक रविद ने लिखा कि उन्होंने अपने सूत्रों से ऐसी ही रिपोर्टें सुनी हैं, लेकिन उन्होंने यह भी बताया कि हमास के नेताओं ने अभी तक पत्र पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं. पत्र का मसौदा आईडीएफ द्वारा गाजा शहर में सैन्य अभियान शुरू करने के बाद तैयार किया गया है, जिसे हमास का अंतिम सैन्य गढ़ माना जाता है.
गाजा में बचे 48 बंधकों में से लगभग 20 के अभी भी जीवित होने की संभावना है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सभी बंधकों की तत्काल रिहाई की मांग की है. शनिवार को ट्रम्प ने गाजा में हमास द्वारा बंधक बनाए गए मृत बंधकों की संख्या के बारे में एक ब्रीफिंग में पत्रकारों को संबोधित किया. ट्रंप ने कहा, "मृतकों की संख्या 32 है, शायद इससे ज़्यादा, या शायद 38. 32 से 38 के बीच है. इनमें से ज़्यादातर युवा हैं. मैंने कुछ अभिभावकों से बात की है और वे अपने प्यारे बच्चों के शव चाहते हैं. यह बहुत दुखद है. यह भयानक है. हमारे लगभग 40 बंधक मृत हैं. उनमें से कई सुरंगों में मारे गए."
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमास को चेतावनी दी थी. ट्रंप ने 'आखिरी चेतावनी' जारी करते हुए कहा कि फिलिस्तीनी आतंकी संगठन को गाजा में बंधकों को रिहा करने के लिए समझौते पर राजी हो जाना चाहिए. इस बीच ट्रंप ने इजरायल को खुली छूट देते हुए साफ किया कि वह गाजा में अपनी सैन्य कार्रवाई को जारी रख सकता है.