Israel Hamas War: बीते दिनों इजरायल के दौरे पर पहुंचे स्पेस एक्स के फाउंडर एलन मस्क ने हमास के हमलों से हुई तबाही से उबरने में इजरायली लोगों को मदद का भरोसा दिया था.अपने दौरे पर उन्होंने कहा कि फिलिस्तीनी धरती से आतंकियों का सफाया होना चाहिए. इस बीच मस्क को हमास ने गाजा आने का निमंत्रण भेजा है. हमास के एक नेता ने कहा कि उन्हें गाजा में इजरायल की ओर से किए गए भीषण नरसंहार और भयानक तबाही का मंजर देखने के लिए यहां आना चाहिए. हम उन्हें गाजा आने पर आमंत्रित करते हैं.
ओसामा हमदान ने लेबनान की राजधानी बेरूत में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि हम उन्हें ( एलन मस्क) को गाजा में इजरायल की ओर से किये गए हमलों और भयानक नरसंहार देखने के लिए आमंत्रित करते हैं. प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि इजरायली बमबारी ने पूरे गाजा को तबाह कर दिया है. गाजा का पूरा इलाका वीरान हो गया है. मस्क को यहां आकर अपनी आंखों से इजरायली कारनामों को देखना चाहिए.
एलन मस्क ने सोमवार को तेल अवीव पहुंच प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और म्यूजिक फेस्टिवल साइट किबुत्ज की यात्रा की थी. इस दौरान उन्होंने हमास लड़ाकों की आतंकी तबाही के मंजर को देखा. मस्क ने अपने दौरे के दौरान कहा कि हमें ऐसे लोगों की जरूरत नहीं है जो नफरत फैलाते हों. उन्होंने इजरायली प्रधानमंत्री के हमास के खात्मे वाली बात पर भी सहमति जताई. मस्क ने पीएम नेतन्याहू से लाइव चैट के दौरान कहा कि इस तरह का प्रोपेगेंडा बंद होना चाहिए जो लोगों को हत्यारा बनाने की ट्रेनिंग देता हो.
इस दौरान मस्क ने नेतन्याहू के साथ एक्स पर लाइव चैट के दौरान कहा कि हमास के खात्मे के अलावा कोई रास्ता नहीं है. हत्यारों का खात्मा अब जरूरी हो चुका है. गाजा के भविष्य के लिए यह जरूरी हो गया है कि ऐसे लोगों का खात्मा हो. गाजा को दोबारा बनाने और उसके बेहतरी के लिए मैं मदद करूंगा.