Israel Hamas War: इजरायल हमास जंग का आज 19वां दिन है. इस बीच मंगलवार को समाचार एजेंसी एपी ने बताया कि हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है कि इजरायल के बीते 24 घंटों में की गई ताबड़तोड़ एयरस्ट्राइक में 700 से अधिक लोगों की जान चली गई. इजरायली हमलों के कारण गाजा में स्वास्थ्य सुविधाएं बुरी तरह से प्रभावित हुई हैं. इस वजह से मजबूरन कई अस्पतालों को मजबूरन बंद कर दिया गया है.दशकों से जारी इजरायल-फिलिस्तीन संघर्ष में इस बार इजरायल की ओर से की गई बमबारी में एक दिन में जान गंवाने वालों की यह सबसे अधिक संख्या है.
इजरायली सेना के प्रवक्ता ने कहा कि IDF की बमबारी का केंद्र गाजा का शहर और उसके उत्तर मे स्थित इलाके हैं. आईडीएफ के प्रवक्ता डैनियल हैगारी ने कहा कि हम पूरी ताकत के साथ अपने हमले जारी रखेंगे. एपी के अनुसार, हमास ने कहा कि इस हमले में अब तक 2360 बच्चों सहित लगभग 5800 लोगों की जान जा चुकी है. वहीं 16 हजार से अधिक लोग जख्मी हैं. दूसरी ओर इजरायलमें 1400 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है.
गाजा के कई अस्पतालों में बड़ी संख्या में घायल भर्ती हैं. उनके इलाज के लिए बिजली की आवश्यकता है. बिजली की कमी के कारण अस्पताल में भर्ती शिशुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इजरायल ने मंगलवार को बताया कि उसने पिछले 24 घंटों में 400 से अधिक हवाई हमले किए हैं. इन हमलों में हमास के कई कमांडर और लड़ाके मारे गए.

हमास ने जंग के बीच दो हमास के बंधकों को और रिहा किया. हमास ने 7 अक्टूबर को हमले के दौरान 200 से ज्यादा लोगों का बंधक बना लिया था. हमास अब तक चार बंधकों को रिहा कर चुका है. रिपोर्ट के मुताबिक, बंधकों की रिहाई में कतर मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है. इजरायल के लगातार हमलों के कारण गाजा में विस्थापित हुए लोगों के सामने खाने-पीने को लेकर संकट बरकरार है.
यह भी पढ़ेंः हमास की कैद से रिहा हुई इजरायली महिला ने सुनाई आपबीती, बताई हैरान कर देने वाली बात