अमेरिका के मोंटाना राज्य के बिलिंग्स शहर से एक खौफनाक मामला सामने आया है. इस घटना ने पूरी इंसानियत पर सवाल खड़ा कर दिया. दरअसल, एक शख्स ने अपने ही 8 रिश्तेदारों को एक साथ जान से मार दिया और फिर खुद भी सुसाइड कर ली.
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी ने जिन आठ लोगों को मारा उसमें चार बच्चे भी शामिल हैं . साथ ही मारे गए चार लोग एक ही परिवार के चार पीढ़ियों के लोग थे. इस घटना ने आसपास डर का माहौल बना दिया है. लोग अभी भी इस सदमे से निकल नहीं पा रहे हैं.
विदेशी मीडिया के मुताबिक यह घटना बिलिंग्स में रहने वाले एक परिवार में उस वक्त घटी जब सभी लोग डिनर करने के लिए एक साथ बैठे थे. इस मामले में जेनिफर मर्सर नाम के व्यक्ति को इस परिवार के अंतिम संस्कार और अन्य खर्चों की जिम्मेदारी सौंपी गई. उन्होंने इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मरने वाले लोगों में बूढ़ी दादी से लेकर 7 साल की बच्ची तक शामिल थी. उन्होंने बताया कि पहले आसपास के लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी. पड़ोसियों ने एक साथ कई गोलियां चलने की शिकायत की थी. जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने बताया कि परिवार के सभी लोगों को रविवार शाम खाने पर बुलाया गया था. हालांकि उस वक्त शायद किसी को नहीं पता था कि यह उनका आखिरी डिनर होगा. पड़ोसी का कहना है कि पहले एक-दो आवाज पर उन्होंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया क्योंकि उन्हें ऐसा लगा कि शायद कहीं आतिशबाजी की जा रही हो. लेकिन फिर लगातार ऐसी आवाज आती रही, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई.
पुलिस जब तक पहुंची सबकुछ खत्म हो चुका था. लोगों को गोली मारने के बाद घर को आग के हवाले कर दिया गया. घर में जांच के दौरान बंदूक मिली और पुलिस ने यह बताया कि इसमें से एक व्यक्ति ने खुद को गोली मारी थी, बाकी सभी पीड़ितों को गोली मारी गई थी. मामले की जांच की जा रही है.