menu-icon
India Daily

कौन था 20 साल का थॉमस मैथ्यू, जो करना चाहता था डोनाल्ड ट्रंप की हत्या?

Donald Trump Attack Updates: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर जानलेवा हमला करने वाले संदिग्ध के बारे में बड़ा खुलासा हुआ है. हमले के दौरान ट्रंप की सुरक्षा में तैनात जवानों ने संदिग्ध 20 साल के लड़के को मार गिराया. अब FBI संदिग्ध के बारे में जानकारी जुटा रही है. फिलहाल, सामने आया है कि संदिग्ध पेनसिल्वेनिया का रहने वाला बताया जा रहा है.

India Daily Live
कौन था 20 साल का थॉमस मैथ्यू, जो करना चाहता था डोनाल्ड ट्रंप की हत्या?
Courtesy: Social Media

Donald Trump Attack Updates: पेंसिल्वेनिया के बेथेल पार्क के रहने वाले 20 साल के लड़के ने बटलर में हो रही रैली में ट्रंप पर फायरिंग कर दी. फायरिंग में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति घायल हो गए. उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया है. उधर, हमले के दौरान रैली में ट्रंप के आसपास मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को मार गिराया. फिलहाल, ये जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर संदिग्ध ने पूर्व राष्ट्रपति पर फायरिंग क्यों की.

संदिग्ध की पहचान थॉमस मैथ्यू क्रुक्स के रूप में हुई है. फायरिंग के दौरान मैथ्यू एक मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट की छत पर खड़ा था. NYT के अनुसार, बटलर फ़ार्म शो ग्राउंड में डोनाल्ड ट्रंप का मंच बनाया गया था. मंच से करीब 130 गज की दूरी पर मैथ्यू क्रूक्स खड़ा था. इतनी दूरी से उसने निशाना लगाकर पूर्व राष्ट्रपति को उसने निशाना बनाया. 

फायरिंग के बाद सीक्रेट सर्विस के स्नाइपर्स ने मैथ्यू क्रुक्स को मार गिराया. घटनास्थल पर AR-स्टाइल राइफल मिली है. सीक्रेट सर्विस एजेंटों की ओर से गोली मारकर गिराए गए 20 साल के मैथ्यू क्रुक्स के बारे में कहा जाता है कि वो बेथेल पार्क का रहने वाला था, जो रैली स्थल से लगभग 40 मील दक्षिण में एक छोटा सा शहर है. उसने ट्रंप पर हमला क्यों किया, इस बारे में पड़ताल जारी है. फायरिंग में एक शख्स की मौत भी हो गई. साथ ही दो अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल भी हो गए.

मामले की जांच में जुटी FBI

FBI फिलहाल मामले की जांच कर रही है. सीक्रेट सर्विस ने सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में कहा कि ट्रंप को सुरक्षित रूप से स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. FBI एजेंट के बयानों के अनुसार, अधिकारियों की ओर से ट्रंप की हत्या के प्रयास के कारणों के बारे में फिलहाल कुछ भी स्पष्ट नहीं है.

इसके अलावा, अधिकारियों ने कहा है कि वे अभी तक यह पुष्टि नहीं कर सकते हैं कि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर हमला किसी अकेले हमलावर की ओर से किया गया था या कोई और भी उसके साथ था. पेंसिल्वेनिया राज्य पुलिस के लेफ्टिनेंट कर्नल जॉर्ज बेविंस के अनुसार, "यह निर्धारित करना अभी बहुत जल्दी होगा कि हमलावर अकेला था या कोई और भी उसके साथ था. हमने एक शूटर की अस्थायी रूप से पहचान की है, लेकिन हमारी जांच जारी है. 

हमले के बाद तुरंत एक्टिव हुए सुरक्षाकर्मी

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि रैली में ट्रंप मंच पर खड़े होकर जनता को संबोधित कर रहे हैं. इसी दौरान उन्हें दर्द महसूस होता है और अपना कान छूते हैं. हाथ में लगे खून को देखकर वे तुरंत मंच पर झुक जाते हैं. फिर तुरंत सुरक्षाकर्मी वहां पहुंचते हैं और ट्रंप को घेर लेते हैं. थोड़ी ही देर में उन्हें सुरक्षित तरीके से गाड़ी तक ले जाया जाता है. ट्रंप पर हमला उस वक्त हुआ है, जब दो दिन बाद मिल्वौकी में रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन की शुरुआत होगी. यहां ट्रंप को औपचारिक रूप से रिपब्लिकन पार्टी का कैंडिडेट घोषित किया जाएगा.