menu-icon
India Daily

फिलीपींस के बाद क्यूबा में आया भूकंप, 6.1 तीव्रता के साथ हिली धरती

पिछले कुछ घंटों में दुनिया के कई हिस्सों में धरती हिलती नजर आई. रविवार की शाम भूटान में और सोमवार की सुबह फिलीपींस में तेज झटके महसूस हुए.

Shilpa Shrivastava
फिलीपींस के बाद क्यूबा में आया भूकंप, 6.1 तीव्रता के साथ हिली धरती
Courtesy: AI

नई दिल्ली: पिछले कुछ घंटों में दुनिया के कई हिस्सों में धरती हिलती नजर आई. रविवार की शाम भूटान में और सोमवार की सुबह फिलीपींस में तेज झटके महसूस हुए. इसके बाद सोमवार की देर रात क्यूबा के उत्तर-पश्चिमी तट पर 6.1 की तीव्रता वाला जोरदार भूकंप आया. यह तीव्रता काफी ज्यादा थी. सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं, जो यह दिखाते हैं कि क्यूबा में कितना खतरनाक भूकंप आया है.

कहां था भूकंप का केंद्र?

भूकंप का केंद्र क्यूबा के मंटुआ शहर से करीब 104 किलोमीटर दूर और जमीन के महज 26 किलोमीटर नीचे था. इतनी कम गहराई पर होने की वजह से इसके झटके बहुत ज्यादा महसूस हुए. क्यूबा के अलावा मेक्सिको के कैनकन और अमेरिका के फ्लोरिडा तक धरती हिली.

लोगों में फैली दहशत:

जिन इलाकों में आमतौर पर भूकंप नहीं आते, वहां अचानक इतने तेज झटके महसूस होने से लोग बुरी तरह डर गए. कैनकन समेत कई शहरों में लोगों ने जल्दी-जल्दी इमारतें खाली कर दीं. पश्चिमी क्यूबा में रहने वाली 44 साल की युस्मिला हर्नांडेज ने कहा कि उन्होंने पहले कभी इतना तेज झटका नहीं महसूस किया था.

अब तक कोई बड़ा नुकसान नहीं:

राहत की बात यह है कि शुरुआती रिपोर्टों में किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं आई है. सुनामी की भी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई. क्यूबा में वैसे भी सालों से आर्थिक संकट चल रहा है, जिससे वहां की इमारतें पहले से ही जर्जर हो चुकी हैं. इसके साथ ही पूरे इलाके में बिजली गुल होने से संपर्क करना और भी मुश्किल हो गया. मेक्सिको के युकाटन और क्विंटाना रू राज्यों में आपातकालीन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.