नई दिल्ली: सरकारी मीडिया ने मंगलवार को बताया कि चीन के हुनान प्रांत में पटाखों की एक फैक्ट्री में हुए धमाके में 21 लोगों की मौत हो गई और 61 लोग घायल हो गए, जिसके बाद राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने इस मामले की पूरी जांच के आदेश दिए हैं.
CCTV और शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार हुनान की राजधानी चांग्शा में जो पटाखों के निर्माण का एक बड़ा केंद्र है, यह धमाका सोमवार को शाम करीब 4:40 बजे हुआ.
चीन के इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर सामने आए वीडियो में एक बड़े इलाके से घना धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा था, जहां इमारतें ढह गई थीं और चारों ओर मलबा बिखरा हुआ था. रॉयटर्स इन वीडियो की पुष्टि नहीं कर सका. रिपोर्ट के अनुसार घटनास्थल पर करीब 500 दमकलकर्मी, बचावकर्मी और मेडिकल स्टाफ मौजूद थे.
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार यह धमाका 'हुआशेंग फायरवर्क्स मैन्युफैक्चरिंग एंड डिस्प्ले कंपनी' में हुआ. रॉयटर्स को इस कंपनी का कोई टेलीफोन नंबर नहीं मिल सका, जिससे वह इस घटना पर उनकी टिप्पणी ले सके.
शी जिनपिंग ने धमाके के कारणों का पता लगाने के लिए जल्द से जल्द जांच करने और इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की कड़ी जवाबदेही तय करने के आदेश दिए हैं.
'ऑब्जर्वेटरी ऑफ इकोनॉमिक कॉम्प्लेक्सिटी' के आंकड़ों के अनुसार पिछले साल चीन ने 1.14 अरब डॉलर के पटाखों का निर्यात किया था, जो वैश्विक बिक्री का दो-तिहाई से भी अधिक हिस्सा है.
शी जिनपिंग ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे प्रमुख उद्योगों में जोखिम की पहचान और खतरों पर नियंत्रण के उपायों को और मजबूत करें, सार्वजनिक सुरक्षा बढ़ाएं और लोगों के जीवन व संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करें.
शी जिनपिंग अक्सर बड़ी दुर्घटनाओं और ऐसी आपदाओं के बाद, जिनमें लोगों की जान जाती है, स्थानीय अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश जारी करते हैं. पिछले हफ्ते उन्होंने चीन की आपदा प्रतिक्रिया क्षमता को पूरे देश में बेहतर बनाने का आह्वान किया था. नवंबर में हांगकांग के 'वांग फुक कोर्ट कॉम्प्लेक्स' में लगी भीषण आग के बाद भी शी ने निर्देश जारी किए थे, जिसमें 168 लोगों की मौत हो गई थी.