होर्मुज स्ट्रेट में एक मालवाहक जहाज के डूबने के बाद सामने आए वीडियो ने लोगों का ध्यान खींचा है. समुद्र की लहरों के बीच iPhone और महंगे विदेशी परफ्यूम की बोतलें तैरती दिखाई दे रही हैं. छोटी नावों पर सवार लोग पानी में बिखरे सामान को इकट्ठा करते नजर आते हैं. यह जहाज UAE के स्वामित्व वाला बताया जा रहा है. घटना ऐसे समय हुई है, जब इस अहम समुद्री रास्ते पर व्यावसायिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी हुई हैं.
बताया जा रहा है कि GFS Pride दुबई से करीब 2,500 कंटेनर लेकर जा रहा था. इनमें इलेक्ट्रॉनिक सामान, iPhone और महंगे परफ्यूम भी शामिल थे. ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि जहाज समुद्री बारूदी सुरंग की चपेट में आया. दूसरी ओर, समुद्री अधिकारियों ने किसी अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमले की जानकारी दी.
रिपोर्ट के मुताबिक, सिंगापुर के झंडे के तहत चल रहा कंटेनर जहाज GFS Pride बुधवार को समुद्री माइन या किसी अज्ञात प्रोजेक्टाइल की चपेट में आने के बाद डूब गया. जहाज में आग लगने की भी खबर है. इस पर सवार सभी 21 क्रू सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
होर्मुज जलडमरूमध्य में 2,500 से ज्यादा कंटेनर ले जा रहा जहाज डूबने के बाद समुद्र में iPhones समेत कई सामान तैरते दिखाई दिए। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने जहाज के नौसैनिक बारूदी सुरंग से टकराने का दावा किया है, हालांकि हादसे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। Sea Disaster पर दुनिया की नजर। #StraitOfHormuz #IranNews #iPhone #BreakingNews #IndiaDaily24x7
— India Daily 24x7 (@IndiaDaily_24X7) October 15, 2026Also Read
होर्मुज स्ट्रेट वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है. दुनिया की बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) इसी रास्ते से गुजरती है. यहां जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने पर ऊर्जा बाजार और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर असर पड़ सकता है.
रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले 23 सितंबर को एंटीगुआ और बारबुडा के झंडे वाला मालवाहक जहाज Cape Dao भी होर्मुज स्ट्रेट के पास प्रोजेक्टाइल की चपेट में आने के बाद डूब गया था. उस घटना में एक क्रू सदस्य की मौत हुई थी, जबकि अन्य लोगों को बचा लिया गया था. यूके मेरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस एजेंसी ने भी 48 घंटे के भीतर इस इलाके में कम से कम पांच घटनाएं दर्ज की थीं.
रिपोर्टों के मुताबिक, ईरान अमेरिकी नाकेबंदी और प्रतिबंधों के जवाब में होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर नियंत्रण बढ़ाने की कोशिश कर रहा है. 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ा. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के दो वरिष्ठ अधिकारियों ने संकेत दिया कि तेहरान इस समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों के खिलाफ नई रणनीतियां अपना रहा है.