तारिक रहमान का भारत दौरा तय! अगले हफ्ते दिल्ली आ सकते हैं बांग्लादेशी PM; मोदी से होगी मुलाकात
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान अगले सप्ताह भारत आ सकते हैं. प्रस्तावित दौरे में पीएम मोदी से मुलाकात और व्यापार, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, सीमा प्रबंधन तथा क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा संभव है.
नई दिल्ली: बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के अगले सप्ताह भारत दौरे की संभावना जताई जा रही है. नई दिल्ली और ढाका के सूत्रों के अनुसार, दो दिवसीय यात्रा की तैयारियां चल रही हैं, हालांकि अंतिम कार्यक्रम अभी तय किया जा रहा है. यह दौरा इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि अगस्त 2024 में शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव रहा है. रहमान के भारत आने से रिश्तों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.
रिपोर्ट के अनुसार, तारिक रहमान भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर सकते हैं. दोनों नेताओं के बीच व्यापार, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, सीमा प्रबंधन और क्षेत्रीय सुरक्षा पर बातचीत की संभावना है. भारत ने रहमान के फरवरी में प्रधानमंत्री बनने के तुरंत बाद उन्हें नई दिल्ली आने का निमंत्रण दिया था. अब प्रस्तावित यात्रा को दोनों देशों के बीच संवाद बहाल करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
पहले मलेशिया और चीन का दौरा
तारिक रहमान ने प्रधानमंत्री बनने के बाद अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए भारत के बजाय मलेशिया और फिर चीन का रुख किया था. जून में उन्होंने चीन की यात्रा के दौरान राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने से जुड़े समझौतों पर चर्चा की थी. इससे पहले भारत और चीन दोनों ने नई बांग्लादेशी सरकार के साथ संपर्क बढ़ाया था.
Also Read
शेख हसीना के बाद बिगड़े थे रिश्ते
अगस्त 2024 में शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद वह भारत आ गई थीं. इसके बाद बांग्लादेश की अंतरिम सरकार और बाद में नई सरकार की ओर से उनके प्रत्यर्पण की मांग की जाती रही. इसी दौरान दोनों देशों के रिश्तों में कई मुद्दों को लेकर तनाव बढ़ा. हालांकि, भारत ने नई सरकार के साथ संवाद बनाए रखा और रहमान के सत्ता संभालने के बाद संपर्क बढ़ाने की कोशिश जारी रखी.
कनेक्टिविटी और सुरक्षा पर रहेगा फोकस
प्रस्तावित यात्रा में केवल राजनीतिक रिश्ते ही नहीं, बल्कि रुकी हुई कनेक्टिविटी और आर्थिक सहयोग को फिर से गति देने पर भी बातचीत हो सकती है. भारत ने बांग्लादेश में रेलवे और सड़क ढांचे से जुड़े निवेश की योजनाएं बनाई थीं. सीमा सुरक्षा, नदी जल और क्षेत्रीय स्थिरता भी महत्वपूर्ण मुद्दे रहेंगे. ऐसे में रहमान का दिल्ली दौरा दोनों देशों के बीच संबंधों के संभावित रीसेट का संकेत माना जा रहा है.