menu-icon
India Daily

'45 से अधिक पाकिस्तानी सैनिक मारे गए', बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों के काफिले पर बड़े हमले का दावा

बलूच लिबरेशन आर्मी ने बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के काफिले पर बड़े हमले का दावा किया है. संगठन का कहना है कि इस कार्रवाई में 45 से अधिक सैनिक मारे गए हैं, हालांकि पाकिस्तान की ओर से अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
'45 से अधिक पाकिस्तानी सैनिक मारे गए', बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों के काफिले पर बड़े हमले का दावा
Courtesy: AI

बलूचिस्तान में पाकिस्तान की सुरक्षा चुनौतियां लगातार गहराती नजर आ रही हैं. प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने मस्तुंग जिले के खडकोचा इलाके में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के काफिले पर बड़ा हमला किया. 

संगठन के अनुसार इस हमले में 45 से अधिक पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं. हालांकि इन दावों की पाकिस्तान सरकार या सेना की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

बीएलए ने फतह स्क्वाड के जरिए कार्रवाई का किया दावा

बीएलए के प्रवक्ता जीयंद बलोच की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इस अभियान को संगठन की विशेष इकाई फतह स्क्वाड ने अंजाम दिया. संगठन का दावा है कि हमले का मुख्य निशाना पाकिस्तान सेना के जवानों को ले जा रही बसें और उनके साथ चल रहे सुरक्षा वाहन थे.

बीएलए ने यह भी कहा कि घटना के बाद मौके पर पहुंची अतिरिक्त सैन्य टुकड़ियों को भी निशाना बनाया गया. संगठन के अनुसार हमले के बाद दोनों पक्षों के बीच लंबे समय तक मुठभेड़ जारी रही. बीएलए का कहना है कि इस दौरान 45 से अधिक सैनिकों की मौत हुई और कई अन्य घायल हुए. संगठन ने यह भी दावा किया कि अभियान के दौरान पाकिस्तान सेना को भारी नुकसान पहुंचा है और संघर्ष जारी रहने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.

जल्द जारी करने की बात कही विस्तृत जानकारी

बीएलए ने अपने बयान में कहा है कि वह इस अभियान से जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द सार्वजनिक करेगा. संगठन के मुताबिक इसमें हमले की रणनीति, पाकिस्तानी सेना को हुए कथित नुकसान और सैन्य उपकरणों की क्षति से जुड़ी जानकारी भी साझा की जाएगी. फिलहाल इन दावों की किसी स्वतंत्र स्रोत से पुष्टि नहीं हो सकी है. पिछले कुछ महीनों के दौरान बलूचिस्तान में बीएलए ने पाकिस्तान की सेना, अर्धसैनिक बलों और सरकारी प्रतिष्ठानों पर कई हमलों की जिम्मेदारी ली है.

इन घटनाओं के कारण क्षेत्र में सुरक्षा हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं. बार बार हो रहे हमलों ने पाकिस्तान सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं. इस घटना को लेकर पाकिस्तान सेना या सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. ऐसे में बीएलए के दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है.