अमेरिका और इजरायल ने मिलकर 28 फरवरी को ईरान पर हमला शुरू कर दिया था. इस हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई.
ईरान ने भी अमेरिका और इजरायल को मुंहतोड़ जवाब देना शुरू कर दिया. हालांकि तब से चल रहे तनाव की वजह से अली खामेनेई का राजकीय अंतिम संस्कार नहीं किया गया.
मिल रही जानकारी के मुताबिक अब चार महीने बाद, जब अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर चर्चा की जा रही है, तब तेहरान में अली खामेनेई के लिए भव्य राजकीय अंतिम संस्कार होने जा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक 4 जुलाई से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में तेहरान में जुलूस, इराक के पवित्र स्थलों की यात्रा और 9 जुलाई को मशहद में दफनाने की प्रक्रिया होगी. जिसमें अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई पर दुनिया की नजरें रहने वाली हैं.
अली खामेनेई के निधन के बाद ईरान के तमाम बड़े नेताओं ने उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को सुप्रीम लीडर बनाने का फैसला लिया. हालांकि जब से उन्हें इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है, तब से मोजतबा कभी भी मीडिया के सामने नजर नहीं आए हैं. ऐसे में पूरी दुनिया को उम्मीद है कि वह अपने पिता के अंतिम विदाई समारोह में जरूर शामिल होंगे. हालांकि मोजतबा को लेकर कई विदेशी मीडिया रिपोर्टों में कई अलग दावे किए गए.
कुछ रिपोर्ट में तो यह तक दावा कर दिया गया कि मोजतबा की मौत हो गई. हालांकि बाद में मोजतबा ने सरकारी चैनल के माध्यम से अपनी सलामती का संदेश दिया. हालांकि कई रिपोर्ट में यह भी दावा किया जा रहा है कि मोजतबा युद्ध के दौरान अमेरिका द्वारा किए गए हमले में बुरी तरह से घायल हो गए हैं. खासतौर पर उनका चेहरा खराब हो गया है. लेकिन इस बारे में आधिकारिक रूप से कोई भी जानकारी नहीं दी गई है.
अमेरिका और ईरान के बीच होने वाले समझौते को लेकर बातचीत शुरू हो गई है. हालात पहले से सुधरते नजर आ रहे हैं, ऐसे में ईरान के सुप्रीम लीडर क्या दुनिया के सामने आएंगे या फिर सही समय का इंतजार करेंगे, यह सवाल सभी के मन में है. मोजतबा खामेनेई की ओर से हर बार टीवी चैनल के माध्यम से अपने विरोधी देशों को संदेश भेजा गया है. कुछ लोगों का मानना है कि वह इस कार्यक्रम में भी शामिल नहीं होंगे और अपना संदेश टीवी के माध्यम से देंगे. हालांकि अभी भी किसी भी बात पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.