menu-icon
India Daily

यूपी में बदलने वाला है मौसम, अगले 48 घंटे में इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना; IMD ने जारी किया अलर्ट

उत्तर प्रदेश के 66 जिलों में सोमवार को गरज चमक और बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने वज्रपात का अलर्ट जारी किया है. चलिए जानते हैं आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
यूपी में बदलने वाला है मौसम, अगले 48 घंटे में इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना; IMD ने जारी किया अलर्ट
Courtesy: Pinterest

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार 29 जून को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. भारतीय मौसम विभाग ने 66 जिलों के लिए आकाशीय बिजली और तेज गरज चमक का अलर्ट जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण पश्चिम मानसून तेजी से उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है और 30 जून से प्रदेश में मानसूनी बारिश शुरू होने की उम्मीद है.

मौसम विभाग के मुताबिक प्रयागराज, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, आजमगढ़, बलिया, गोरखपुर, गोंडा, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, मथुरा, हाथरस, अमरोहा, पीलीभीत, झांसी, हमीरपुर और महोबा समेत कुल 66 जिलों में गरज चमक के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है. लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

मौसम वैज्ञानिक ने क्या बताया?

सीनियर मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार 30 जून से उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेजी पकड़ेंगी. जुलाई के पहले सप्ताह में पूरे प्रदेश में अच्छी और व्यापक बारिश होने की संभावना है. मानसून के सक्रिय होने के बाद अधिकतम तापमान में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है. इससे लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

किन जिलों में जारी हुआ अलर्ट?

रविवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया था. इसमें कौशाम्बी, वाराणसी, मिर्जापुर, जौनपुर, प्रयागराज, फतेहपुर, बांदा और चित्रकूट समेत कई जिले शामिल थे. हालांकि अब मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं और अगले कुछ दिनों में बारिश का दायरा लगातार बढ़ने की संभावना है.

कितना था तापमान?

शनिवार को प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं बस्ती सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग का कहना है कि मानसून के आगे बढ़ने के साथ तापमान में लगातार गिरावट आएगी और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सुहावना हो जाएगा.