menu-icon
India Daily

पीलीभीत-मुरादाबाद को मिली विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात, CM योगी करेंगे 129 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ आज पीलीभीत और मुरादाबाद में 934 करोड़ रुपये से अधिक की 129 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इस दौरान अलग-अलग योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए जाएंगे.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
पीलीभीत-मुरादाबाद को मिली विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात, CM योगी करेंगे 129 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
Courtesy: ANI

उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति देने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज पीलीभीत और मुरादाबाद को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं. उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि दोनों जिलों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को और मजबूती मिलेगी. कार्यक्रम के दौरान नई परियोजनाओं की शुरुआत के साथ कई जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी सम्मानित और लाभान्वित किया जाएगा.

पीलीभीत में 66 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अनुसार पीलीभीत जिले के बरखेड़ा और बीसलपुर विधानसभा क्षेत्रों में 569 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा. इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना और विकास कार्यों को गति देना है.

मुरादाबाद को भी मिलेगी बड़ी विकास सौगात

मुरादाबाद नगर, मुरादाबाद देहात और कुंदरकी विधानसभा क्षेत्रों के साथ नगर निगम और मुरादाबाद विकास प्राधिकरण से जुड़ी 63 परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया जाएगा. इन योजनाओं पर 365 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी. सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से स्थानीय विकास को मजबूती मिलेगी.

लाभार्थियों को मिलेंगे प्रमाण पत्र

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे. सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाना और उन्हें सरकारी सुविधाओं से जोड़ना है.

व्यापारी कल्याण दिवस पर होगा सम्मान

दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर आयोजित व्यापारी कल्याण दिवस कार्यक्रम में व्यापारियों का सम्मान भी किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारिक समुदाय प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और उनके योगदान का सम्मान किया जाना आवश्यक है.

दोनों जिलों को दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में पीलीभीत और मुरादाबाद के नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नई परियोजनाएं दोनों जिलों के विकास को नई दिशा देंगी और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी.