menu-icon
India Daily

उम्र पलटने वाले सीईओ ब्रायन जॉनसन का नाम एपस्टीन फाइल्स में आने से सनसनी, बोले- मेरा दिल बैठ गया

जेफ्री एपस्टीन को 2008 में नाबालिग से यौन संबंध के मामले में दोषी ठहराया गया था. बाद में उस पर मानव तस्करी के गंभीर आरोप लगे.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
उम्र पलटने वाले सीईओ ब्रायन जॉनसन का नाम एपस्टीन फाइल्स में आने से सनसनी, बोले- मेरा दिल बैठ गया
Courtesy: @Casebradford

टेक्नोलॉजी उद्यमी ब्रायन जॉनसन ने हाल ही में दोषी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन को लेकर अपने पुराने अनुभव को साझा किया है. जॉनसन ने कहा कि करीब आठ साल पहले वह एक कॉमन मित्र के माध्यम से एपस्टीन के संपर्क में आए थे जिसके बाद उनकी एपस्टीन से छोटी सी बातचीत हुई थी, जिसने उन्हें अंदर तक बेचैन कर दिया था. जॉनसन के अनुसार, यह बातचीत इतनी असहज थी कि उन्होंने तुरंत तय कर लिया था कि वे दोबारा कभी एपस्टीन से संपर्क नहीं करेंगे.

एपस्टीन से जूम पर 10 मिनट हुई थी बातचीत

ब्रायन जॉनसन ब्रेन-इंटरफेस कंपनी 'कर्नल' के संस्थापक हैं. उन्होंने बताया कि जब वे अपनी कंपनी को आगे बढ़ा रहे थे, तब एक जान-पहचान के व्यक्ति ने उनका परिचय एपस्टीन से कराया. उस समय एपस्टीन को न्यूरोसाइंस में रुचि रखने वाला बताया गया था और यह भी कहा गया था कि उसने एमआईटी से जुड़ा कुछ काम किया है. इसी वजह से जॉनसन ने एक वीडियो कॉल के लिए सहमति दी.

जॉनसन ने कहा कि यह बातचीत जूम पर लगभग दस मिनट चली लेकिन कॉल के दौरान ही उन्हें कुछ गलत महसूस होने लगा. उन्होंने बताया कि एपस्टीन की बातों और व्यवहार से उन्हें गहरी नकारात्मक ऊर्जा महसूस हुई. कॉल खत्म होते ही उन्होंने उस व्यक्ति को फोन किया, जिसने यह मुलाकात तय करवाई थी और साफ कहा कि उन्हें एपस्टीन बेहद खतरनाक और गलत स्वभाव का इंसान लगा. जॉनसन ने यह भी कहा कि उस समय उन्हें एपस्टीन के आपराधिक इतिहास के बारे में कोई जानकारी नहीं थी.

बहुत डरावना अनुभव लगता है

बाद में जब वर्षों बाद एपस्टीन के खिलाफ गंभीर आरोप सामने आए, तो जॉनसन को अपने उस अनुभव की याद आई. उन्होंने कहा कि पीछे मुड़कर देखने पर यह अनुभव और भी डरावना लगता है. जॉनसन ने साफ किया कि उस एक कॉल के बाद उन्होंने कभी भी एपस्टीन से दोबारा बात नहीं की.

कभी नहीं हुई मुलाकात

हाल ही में अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी कुछ दस्तावेजों में जॉनसन का नाम आने के बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठे. कुछ लोगों ने उन पर झूठ बोलने का आरोप भी लगाया. इस पर जॉनसन ने स्पष्टीकरण दिया कि दस्तावेजों में जिस मुलाकात की बात है, वह कभी हुई ही नहीं. न्यूयॉर्क यात्रा के दौरान आमने-सामने मिलने का विचार था, लेकिन वह सिर्फ एक कॉल तक ही सीमित रह गया.

कौन था जेफ्री एपस्टीन

इन दस्तावेजों में कई अन्य चर्चित नामों का भी जिक्र है, लेकिन उनमें से किसी पर भी गलत काम का आरोप नहीं लगाया गया है. जेफ्री एपस्टीन को 2008 में नाबालिग से यौन संबंध के मामले में दोषी ठहराया गया था. बाद में उस पर मानव तस्करी के गंभीर आरोप लगे. 2019 में न्यूयॉर्क की जेल में मुकदमे का इंतजार करते हुए उसकी मौत हो गई, जिसे आत्महत्या बताया गया.