नई दिल्ली: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव अब खुले युद्ध की शक्ल ले चुका है. 28 फरवरी 2026 को शनिवार को अफगान तालिबान ने दावा किया कि उन्होंने जलालाबाद शहर के छठे जिले में एक पाकिस्तानी फाइटर जेट को मार गिराया और इसका पायलट जिंदा पकड़ा गया. यह घटना दोनों देशों के बीच हाल के दिनों में हुई सबसे गंभीर झड़पों में से एक है.
अफगान पुलिस के प्रवक्ता तयेब हम्माद ने मीडिया को बताया- 'जलालाबाद शहर के छठे जिले में एक पाकिस्तानी फाइटर जेट को मार गिराया गया और इसका पायलट जिंदा कैद कर लिया गया.' पूर्वी अफगानिस्तान में तैनात सैन्य प्रवक्ता वहीदुल्लाह मोहम्मदी ने भी इसकी पुष्टि की. स्थानीय निवासियों ने बताया कि उन्होंने जेट से पायलट को पैराशूट से उतरते देखा, जिसके बाद अफगान फोर्सेस ने उसे हिरासत में ले लिया.
जानकारी के मुताबिक घटना से ठीक पहले जलालाबाद के ऊपर जेट की आवाज सुनाई दी और फिर शहर के एयरपोर्ट के पास दो जोरदार धमाके हुए. पाकिस्तान ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है. पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा कि यह अफगानिस्तान का झूठा प्रचार है. हालांकि दोनों तरफ से अलग-अलग दावे आ रहे हैं. यह घटना एक दिन पहले पाकिस्तान द्वारा काबुल और कंधार पर हवाई हमलों के बाद हुई है.
कंधार तालिबान के सर्वोच्च नेता हिबतुल्लाह अखुंदजादा का आधार है. पाकिस्तान ने इन हमलों में 270 से ज्यादा तालिबान लड़ाकों के मारे जाने का दावा किया था. तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि अफगान फोर्सेस ने पाकिस्तान के अंदर महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों पर हमला किया और 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए. अफगानिस्तान ने गुरुवार रात से बॉर्डर पर आक्रामक कार्रवाई शुरू की थी, जो पाकिस्तान के पहले के हमलों का जवाब थी. दोनों देशों के बीच दुश्मनी महीनों से बढ़ रही है.
पाकिस्तान तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान जैसे आतंकी समूहों को अफगानिस्तान में शरण देने का आरोप लगाता है, जबकि तालिबान पाकिस्तान पर सीमा पर हमलों का दोषी ठहराता है. अब हवाई हमलों और जेट गिराने जैसी घटनाओं से युद्ध का खतरा और बढ़ गया है.