menu-icon
India Daily

इजरायल ने किया गाजा के एक स्कूल पर हमला, 13 की मौत

इजरायल और हमास के बीच पिछले साल 7 अक्टूबर को युद्ध शुरू हुआ था. इस युद्ध में अब तक 38,098 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि गाजा के 87,705 लोग घायल हुए हैं. हर दिन युद्ध के साथ मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ती ही जा रही हैं. हालांकि हमास के एक सूत्र ने बताया है कि यह युद्ध जल्द समाप्त हो सकता है.

India Daily Live
इजरायल ने किया गाजा के एक स्कूल पर हमला, 13 की मौत
Courtesy: social media

Israel Hamas war: इजरायल के हमले से गाजा में नरसंहार जारी है. अब तक इस भीषण युद्ध में हजारों बेगुनाह अपनी जान गंवा चुके हैं जिनमें ज्यादातर बच्चे और महिलाएं शामिल हैं. शनिवार को इजरायली सेना द्वारा मध्य गाजा के अल-नुरेरात स्थित एक स्कूल पर किए गए बेरहम हमले में 13 लोगों की मौत हो गई. फलिस्तीन न्यूज एजेंसी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है. इस स्कूल में फिलिस्तीन के विस्तापितों ने शरण ले रखी थी. इस खबर पर इजरायली की सेना ने कहा है कि वह इस मामले की जांच कर रही है.

अब तक 38,098 लोगों की मौत

बता दें कि इजरायल और फिलिस्तीन के चरमपंथियों के बीच पिछले 9 महीने से जारी इस भीषण युद्ध में अब तक हजारों लोग मारे जा चुके हैं. हमास द्वारा नियंत्रित गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा कि अब तक इस युद्ध में कम से कम 38,098 लोगों की मौत हो चुकी है.

मंत्रालय ने यह भी कहा कि पिछले साल 7 अक्टूबर को हमास द्वारा इजरायल पर किए गए हमले के साथ शुरू हुए इस युद्ध में गाजा के 87,705 लोग घायल भी हुए हैं. मंत्रालय ने कहा कि घायलों और मौतों का यह आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है.

जल्द खत्म हो सकता है युद्ध
हमास और इजरायल के बीच की जंग अब जल्द खत्म हो सकती है. दरअसल, हमास ने गाजा युद्ध को समाप्त करने के उद्देश्य से समझौते के पहले चरण के 16 दिन बाद इजरायली बंधकों को रिहा करने की बातचीत शुरू कर दी है.

रॉयटर्स ने हमास के एक सूत्र के हवाले से अपनी रिपोर्ट में लिखा कि हमास ने अमेरिकी प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए इजरायली बंधकों को रिहा करने के लिए बातचीत शुरू कर दी है. हमास के एक वरिष्ठ सूत्र ने बताया कि गाजा युद्ध को समाप्त करने के अमेरिका के प्रस्ताव को अमल में लाया जा रहा है. सूत्र ने बताया कि हमास ने यह मांग छोड़ दी है कि समझौते पर हस्ताक्षर करने से पहले इजरायल स्थायी युद्ध विराम के लिए प्रतिबद्ध हो.